वन नेशन, मेनी रिदम्स" की थीम पर थिरका वार्षिक उत्सव : भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया-श्याम बिहारी जायसवाल
Praveen Nishee Mon, Feb 2, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी ।एक देश, कई लय - इसी भावना को जीवंत करता हुआ अलास्का ग्रुप ऑफ एजुकेशन का वार्षिक समारोह प्रगति मैदान में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। लिटिल मिलेनियम प्री-स्कूल, अलास्का पब्लिक स्कूल और अलास्का कम्प्यूटर सेंटर के छात्र-छात्राओं ने 'वन नेशन, मेनी रिदम्स' की थीम पर आधारित एक ऐसा भव्य सांस्कृतिक आयोजन प्रस्तुत किया, जिसने भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।
विशिष्ट अतिथियों के दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथि, छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में शिक्षा के व्यापक उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के इस कार्यक्रम की थीम 'वन नेशन, मेनी रिदम्स' सिर्फ एक नारा नहीं बल्कि हमारे देश की मूलभूत पहचान है। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है जो इस विविधता में एकता का सम्मान करते हुए देश की प्रगति में योगदान दें। बेटियों को शिक्षित करके हम परिवार और राष्ट्र दोनों का भविष्य सुरक्षित करते हैं। उन्होंने संस्था के इस सामूहिक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव ने अपने विचार रखते हुए कहा कि एक ओर जहाँ लिटिल मिलेनियम और अलास्का स्कूल बच्चों का सर्वांगीण विकास कर रहे हैं, वहीं अलास्का कंप्यूटर सेंटर ने पिछले २० वर्षों से इस क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने का सराहनीय कार्य किया है।
पूर्व नगरपालिका अध्यक्षा श्रीमती प्रभा पटेल ने बच्चों की प्रस्तुतियों पर मुग्ध होते हुए कहा कि आज इन नन्हें-मुन्नों ने जिस कुशलता से देश के विभिन्न कोनों की संस्कृति को मंच पर उतारा है वह अत्यंत प्रशंसनीय है। यह केवल नृत्य नहीं, बल्कि हमारी विरासत का सजीव पाठ है। कम्प्यूटर सेंटर के छात्रों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से यह सिद्ध कर दिया कि तकनीक और कला एक-दूसरे के पूरक हैं। इस एकीकृत दृष्टि के लिए अलास्का ग्रुप बधाई का पात्र है।
लिटिल मिलेनियम एजुकेशन की सीनियर एकेडमिक मैनेजर श्रीमती मुनाज़ा शबीन ने संस्था के शैक्षणिक दर्शन को स्पष्ट करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य बच्चों को कक्षा की चार दीवारी से बाहर निकालकर विश्व के मंच पर लाना है। 'वन नेशन, मेनी रिदम्स' थीम के माध्यम से हमने बच्चों में सांस्कृतिक संवेदनशीलता और राष्ट्रीय गौरव का बीजारोपण किया है। आज का यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि जब बच्चों को उचित मंच मिले, तो वे कैसे अपनी प्रतिभा से सबका मन मोह लेते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न राज्यों की संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियाँ रहीं। प्ले-ग्रुप के नन्हें-मुन्नों ने भारत के विभिन्न राज्यों की परिधान पहन कर जो रैंप वॉक किया, वह दर्शकों के लिए मंत्रमुग्ध कर देने वाला था। इसके बाद छात्रों ने छत्तीसगढ़ी, पंजाबी, गुजराती, बंगाली, राजस्थानी, असमिया और दक्षिण भारतीय नृत्यों की ऐसी सुंदर झाँकी प्रस्तुत की, मानो पूरा भारत एक ही मंच पर थिरक उठा हो।
वहीं अलास्का कम्प्यूटर सेंटर के विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी कुशलता के साथ-साथ मनोरंजन का जादू भी बिखेरा। उनकी हॉरर-कॉमेडी डांस और अन्य आधुनिक प्रस्तुतियों ने यह साबित कर दिया कि शिक्षा और रचनात्मकता का कोई विरोधाभास नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान पूरे शैक्षणिक सत्र में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। ग्रीन डे, दिवाली कैम्पेन, जन्माष्टमी कैम्पेन और वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के चैंपियनों को पुरस्कृत किया गया। विशेष रूप से कम्प्यूटर सेंटर के छात्र हर्ष परेवा एवं छात्रा दीप्ति श्रीवास्तव को 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' का प्रतिष्ठित खिताब देकर सम्मानित किया गया।
मंच संचालन का दायित्व सीएलओ स्मृति गुप्ता, कोऑर्डिनेटरस रिचा अग्रवाल, निशी विश्वकर्मा तथा शिक्षक तस्लीम मंसूरी, सुप्रिया साहू, इरम मंसूरी व तसनीम मंसूरी ने कुशलतापूर्वक निभाया। इस भव्य उत्सव की सफलता संस्था के संचालक मोहम्मद फिरोज एवं संचालिका रुहीन मंसूरी के मार्गदर्शन और सभी शिक्षकों व सहकर्मियों के समर्पण का परिणाम थी।
इस ऐतिहासिक आयोजन में नगरपालिका उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, पार्षदगण, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उत्साहित अभिभावक उपस्थित रहे।

विज्ञापन