दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल : बच्चों को केवल पढ़ना ही नहीं,बल्कि अच्छा इंसान बनना सिखाया जाता है - श्रीमती प्रभा पटेल
Praveen Nishee Mon, Feb 2, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के प्रांगण में प्री-प्राइमरी कक्षा केजी–2 के नौनिहालों का अलंकरण समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। यह आयोजन नन्हे विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और उत्तरदायित्वबोध को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई, जिसने वातावरण को पावन और प्रेरणादायी बना दिया। इसी क्रम में कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती प्रभा पटेल एवम् विशिष्ट अतिथि श्रीमती मीरा सिंह विद्यालय के निदेशक व्यंकटेश सिंह एवम् निदेशिका पूनम सिंह तथा दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ बसंत कुमार तिवारी का स्वागत बैज एवं पुस्तकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अगली श्रेणी में कक्षा नर्सरी एवम् केजी 1के नन्हें मुन्ने जब रंग-बिरंगे परिधानों में सजे मंच पर पहुँचे, तो उनकी मासूम मुस्कान और चमकती आँखों ने उपस्थित अभिभावकों व शिक्षकों का मन मोह लिया। कक्षा नर्सरी एवम् केजी -1के आकर्षक नृत्य के पश्चात कक्षा केजी - 2 का छात्र अर्चित तिवारी तथा छात्र नित्य गुप्ता ने क्रमशः हिंदी तथा अंग्रेजी में अपने विचारों को प्रस्तुत करते हुए भाषण दिया।इसी क्रम में कक्षा kg2 के विद्यार्थियों द्वारा शानदार लघु नाटिका की प्रस्तुति दी गई तत्पश्चात कक्षा क 2 के विद्यार्थियों द्वारा ताली योग की प्रशंसनीय प्रस्तुति दी गई जो दर्शकों द्वारा अत्यंत सराही गई, इसी क्रम में कक्षा kg2 के विद्यार्थियों द्वारा भावनात्मक प्रस्तुति गीत शुक्रिया पर दी गई कार्यक्रम की अगली श्रेणी में
विद्यालय की वरिष्ठ कक्षाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा मनोरंजक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
इस विशेष अवसर पर प्री प्राइमरी कक्षाओं की समन्वयक श्रीमती पूनम तिवारी ने अभिभावकों को धन्यवाद व्यक्त करते हुए अपने भाषण में कहा कि आज बच्चों की किंडरगार्डन से विदाई है परंतु उनके सीखने की यात्रा निरंतर जारी रहेगी एवम् आगे की कक्षाओं हेतु भी हम सभी शिक्षक- शिक्षिकाएं आपके सहयोग एवम् विश्वास के अभिलाषित रहेंगे।
कक्षा के जी - 1 की मातृ शिक्षिका श्रीमती रश्मि सोनी द्वारा कविता पाठ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि तथा भूतपूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पटेल ने विद्यालय तथा अभिभावकों को संबोधित करते हुए अपनी व्याख्यान में कहा कि विद्यालय वह पवित्र स्थान है जहाँ बच्चों को केवल पढ़ना ही नहीं,बल्कि अच्छा इंसान बनना सिखाया जाता है।
मैं इस विद्यालय के शिक्षकगण को हृदय से बधाई देती हूँ,
जिन्होंने इन कोमल मनों को स्नेह, धैर्य और संस्कारों से सींचा। उन्होंने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा आपके विश्वास और सहयोग के बिना यह यात्रा संभव नहीं थी।
आपका धैर्य, आपका प्रेम इन बच्चों की सबसे बड़ी ताकत है।विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर बसंत कुमार तिवारी ने इस विशेष अवसर पर बच्चों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि आज का यह दिन हमारे विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव और भावनाओं से भरा हुआ है। किंडरगार्टन ग्रेजुएशन डे केवल एक शैक्षणिक पड़ाव नहीं, बल्कि बचपन की पहली उड़ान का उत्सव है। आज हमारे ये नन्हे विद्यार्थी एक कक्षा से आगे बढ़कर ज्ञान की नई दुनिया की ओर कदम रख रहे हैं।इन मासूम चेहरों पर आज जो आत्मविश्वास की चमक दिखाई दे रही है, उसके पीछे हमारे समर्पित शिक्षिकाओं का अथक परिश्रम, धैर्य और असीम प्रेम छिपा है। मैं विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकगणों को हृदय से धन्यवाद देता हूँ, जिन्होंने इन कोमल मनों को अक्षरों से परिचय ही नहीं कराया, बल्कि संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का बीज भी बोया।
प्रिय अभिभावकों,आपका विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूँजी है। आपने अपने बच्चों को हमें सौंपा और हर कदम पर विद्यालय के साथ खड़े रहे इसके लिए मैं आपका आभार व्यक्त करता हूँ।
इस अवसर पर विद्यालय के अभिभावक एवं नन्हे–मुन्ने विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में किंडरगार्टन के विद्यार्थियों ने ग्रेजुएशन गाउन और कैप पहनकर आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बच्चों की मासूम मुस्कान और उनके आत्मविश्वास ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस सुंदर समारोह की भूरि-भूरि प्रशंसा की और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय के प्रयासों को सराहा।
समारोह का समापन श्रीमती अलविना कांडोथ एवम् सुश्री अवनीत कौर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया और कहा गया कि यह ग्रेजुएशन डे बच्चों के जीवन की एक यादगार शुरुआत बनकर हमेशा स्मरणीय रहेगा।राष्ट्रगान के साथ इस अविस्मरणीय कार्यक्रम का समापन किया गया।

विज्ञापन