: ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों का प्रथम स्तरीय जांच प्रारंभ’
Sun, Jun 11, 2023
कोरिया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए आज से ईसीआईएल के 07 इंजीनियरों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का प्रथम स्तरीय जांच पारदर्शिता के साथ प्रातः 09ः00 बजे से प्रारम्भ किया गया है, जो आगामी 14 जून 2023 तक प्रतिदिन प्रातः 09ः00 बजे से सायं 07ः00 बजे तक लगातार चलेगा। इस दौरान ईवीएम गोडाउन में पूर्व से रखे गए 432 बैलेट यूनिट, 308 कंट्रोल यूनिट और 415 वीवीपैट तथा इसके साथ ही आज प्राप्त 500 बैलेट यूनिट, 400 कंट्रोल यूनिट, 200 वीवीपैट की जांच की गई।उपजिला निर्वाचन अधिकारी अनिल सिदार की उपस्थिति में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष ईवीएम कंटेनर को खोला गया तथा इंजीनियरों के द्वारा एफएलसी प्रक्रिया के सम्बंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इससे पूर्व सभी प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रवेश के समय स्क्रीनिंग की गई। जिसमें मोबाइल, कैमरा, स्पाय पेन, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी अन्य प्रकार की इलेक्ट्रानिक्स डिवाइस को बाहर ही जमा कराया गया। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि नाजिर अजहर, प्रदीप गुप्ता, प्रवीण भट्टाचार्य, अजय सिंह, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि शेख इरशाद, आम आदमी पार्टी के विवेक सिंह सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
: कंडेल गांव में एक अनोखी शादी
Sat, Jun 10, 2023
https://youtu.be/J0aR5_QzfMYधमतरी । वैसे तो रक्तदान शिविर का आयोजन सराहनीय ही है... लेकिन विवाह कार्यक्रम में रक्तदान, नेत्रदान और देहदान का आयोजन अपने आप में नई व अनुकरणीय बात है। इसकी पहल की है धमतरी जिले के साहू परिवार ने.. उन्होंने बकायदा शादी के कार्ड में रक्तदान करने लोगों को प्रेरित किया. वहीं शिविर भी लगाया, जहां लोगों ने 50 यूनिट ब्लड डोनेट किया । धमतरी से महज 30 किलोमीटर दूर ऐतिहासिक गौरव ग्राम कंडेल की चर्चा अभी से नहीं बल्कि सन 1920 से है, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी नहर सत्याग्रह में शामिल होने पहुंचे थे... तब से आज तक इस गांव की चर्चा हमेशा देश विदेश में होती रहती है. अब एक बार फिर इस गांव के साहू परिवार ने अनोखा आयोजन कर चर्चा में आ गया है.
शादी समारोह में रिसेप्शन के दिन रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जिसमें दूल्हा दुल्हन समेत पहुंचे मेहमानों ने रक्तदान के साथ नेत्रदान व देहदान की घोषणा भी की. करीब 7 लोगों ने देहदान करने का संकल्प भी लिया है. शिविर में 50 यूनिट ब्लड डोनेट किया गया । कंडेल के साहू परिवार में विवाह संपन्न हुआ ,दूल्हे मुकेश कुमार और दुल्हन नेहा साहू परिणय सूत्र में बंध गए हैं, लेकिन जो संदेश उन्होंने दिया है वह समाज में हमेशा याद रहेगा. बताया गया कि यह पहल दूल्हे के छोटे भाई शारदामणी साहू और रक्तदान एंबुलेंस ग्रुप के सहयोग से हुआ है. दूल्हे मुकेश कुमार साहू ने बताया कि लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना उनका मूल उद्देश्य है.
दूल्हे के छोटे भाई व्याख्याता शारदामणी ने कहा, आज भी कई गांव और समाज में लोग रक्तदान के प्रति पिछड़े हुए हैं. इसी उद्देश्य को लेकर उन्होंने यह आयोजन किया है. 500 से ज्यादा कार्ड छपवाए गए थे. कार्ड में रक्तदान महादान के स्लोगन भी लिखे गए थे।
: हौसलों की उड़ान से सपना हुआ साकार , स्टेट टॉपर सुनीता और प्रिया ने लिया हेलीकॉप्टर जॉयराइड का आनंद
Sat, Jun 10, 2023
मनेंद्रगढ़ / रायपुर में आज बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले प्रतिभाशाली छात्रों ने ऊंची उड़ान भरी। भरतपुर-सोनहत विधायक गुलाब कमरो ने शिक्षामंत्री डॉ. प्रेमसाय टेकाम के साथ हरी झंडी दिखाकर हेलिकॉप्टर को रवाना किया। एमसीबी ज़िले के भरतपुर विकासखंड से कु.सुनीता बैगा और मनेंद्रगढ़ विकासखंड से कु.प्रिया रोहरा शामिल हुई।
विशेष पिछड़ी जनजाति की सुनीता बैगा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल भरतपुर में कक्षा 12 वीं मेरिट सूची में उत्तीर्ण की हैं और भविष्य में डॉक्टर बनना चाहती हैं। हेलीकॉप्टर जॉयराइड को लेकर अपने अनुभव में सुनीता ने बताया कि मैं आज रातभर सो नहीं पाई, बार-बार घड़ी देख रही थी, कब सुबह होगी और कब मैं हेलीकॉप्टर में बैठूंगी। आखिरकार मैं हेलीकॉप्टर में बैठी और बहुत मजा आया। मेरे परिवार के कोई भी सदस्य आज तक हेलीकॉप्टर में नहीं बैठे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हमें हेलीकॉप्टर में घूमने का मौका दिया इसके लिए मैं उनको बहुत बहुत धन्यवाद देती हूँ।
विजय इंग्लिश मीडियम स्कूल मनेन्द्रगढ़ की कक्षा 12 वीं की छात्रा प्रिया रोहरा ने हेलीकॉप्टर जॉयराइड के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि छोटे से शहर से आकर यहाँ हेलीकॉप्टर में बैठना किसी सपने से कम नही है। हेलीकॉप्टर जॉयराइड मिलने से मैं बहुत खुश हूँ।
उल्लेखनीय है कि नवगठित मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले दो छात्रा मुख्यमंत्री के द्वारा आयोजित हेलीकॉप्टर जॉयराइड में पहुँचे। एमसीबी से प्रिया रोहरा और सुनीता बैगा ने रायपुर में जॉयराइड का आनंद लिया। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार दुग्गा, प्रिया और सुनीता का उत्साहवर्धन करने के लिए रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित थे। उन्होंने दोनों छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी।