मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर किया गया सम्मानित : वनवासी कल्याण आश्रम चैनपुर में बाल प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
Praveen Nishee Sat, Nov 14, 2026
मनेन्द्रगढ़। एमसीबी । बाल दिवस के अवसर पर वनवासी कल्याण बालक आदिवासी छात्रावास, चैनपुर में विशेष बाल प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एमसीबी योग सेवा समिति के वरिष्ठ संरक्षक एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य एम.एल. श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष आर.डी. दीवान, वनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष जगदंबा अग्रवाल तथा अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ की जिला प्रभारी श्रीमती नीलू सिंह प्रमुख रूप से मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इस अवसर पर वनवासी कल्याण आश्रम के वरिष्ठ अधीक्षक हरभजन सिंह को योग सेवा समिति की ओर से शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों एवं छात्रावासों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें सेवा भारती बालिका छात्रावास की संस्कृति सिंह, केंद्रीय विद्यालय के छात्र मयंक गुप्ता, एकलव्य वनवासी छात्रावास चैनपुर के आयुष कुमार यादव एवं कमलेश सिंह तथा विजय नर्सरी इंग्लिश मीडियम विद्यालय की छात्रा रेनू दुआ शामिल रहीं।
मुख्य अतिथि एम.एल. श्रीवास्तव ने सम्मानित बाल प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, वनवासी कल्याण आश्रम के जिला उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेत्र अधिकारी आर.डी. दीवान तथा छात्रावास प्रमुख हरभजन सिंह ने संस्था की गतिविधियों और सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वनवासी कल्याण आश्रम की स्थापना वर्ष 1952 में जशपुर में संस्थापक बालासाहब देशपांडे द्वारा की गई थी। संस्था जनजातीय समाज के शैक्षणिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनजातीय बच्चों की शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक संरक्षण एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देना संस्था के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
कार्यक्रम का संचालन एमसीबी योग सेवा समिति के जिला अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में वनवासी कल्याण आश्रम के इतिहास एवं सेवा कार्यों की संक्षिप्त जानकारी दी। साथ ही मनेन्द्रगढ़ विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा वनवासी कल्याण आश्रम के विकास के लिए किए जा रहे सहयोग पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में वनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष जगदंबा अग्रवाल ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एमसीबी योग सेवा समिति के प्रकाश तल्लानी, तुषार बोथरा, विवेक कुमार तिवारी, दिवाकर मिश्रा, राकेश अग्रवाल, कल्पना सिंह राजपूत, भैरव प्रसाद केसरवानी, मनीष कुमार गुप्ता, परमानंद सिंह, रेखा उपाध्याय सहित अभिभावक एवं वनवासी कल्याण आश्रम के छात्र उपस्थित रहे।

विज्ञापन