Advertisment

12th November 2026

BREAKING NEWS

230 प्रतिनिधियों ने श्रमिक समस्याओं पर की चर्चा, मांगें पूरी नहीं होने पर एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में धरना-प्रदर्शन

आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही बिना रुके हो सकेगी-श्याम बिहारी जायसवाल

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, स्वर्ण मंदिर और वाघा बॉर्डर का करेंगे भ्रमण

8.68 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य नर्सिंग कॉलेज, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया शिलान्यास

उत्साहपूर्वक मनाया गोवर्धन पूजा का पर्व, पं. ओम नारायण द्विवेदी बोले—नर से नारायण बनने का मार्ग है परोपकार

रेशमलाल यादव अध्यक्ष और विनय सिंह महासचिव निर्वाचित : 230 प्रतिनिधियों ने श्रमिक समस्याओं पर की चर्चा, मांगें पूरी नहीं होने पर एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में धरना-प्रदर्शन

Praveen Nishee Wed, Nov 11, 2026

मनेंद्रगढ़। एमसीबी। हिन्द मजदूर सभा से संबद्ध श्रम संगठन कोयला मजदूर पंचायत का साधारण सभा सम्मेलन 11 नवंबर 2026 को सोहागपुर क्षेत्र स्थित स्टाफ जिम क्लब में संपन्न हुआ। सम्मेलन में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 230 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में श्रमिक हितों, वर्तमान परिस्थितियों, संगठन की भावी रणनीति और आगामी लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

श्रमिकों की समस्याओं पर जताई नाराजगी

सम्मेलन में केंद्र सरकार द्वारा नए लेबर कोड के तहत गठित राष्ट्रीय बोर्डों में इंटक, एटक और सीटू को प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने पर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने इसे श्रमिक एकता को कमजोर करने वाला कदम बताते हुए सभी केंद्रीय श्रम संगठनों को समानुपातिक प्रतिनिधित्व देने की मांग की।

श्रमिकों की समस्याओं पर जताई नाराजगी

सम्मेलन में एसईसीएल की खदानों में कार्यरत स्थायी श्रमिकों को काम करने के बावजूद पूरा ओवरटाइम भुगतान नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। महिला श्रमिकों को संडे ड्यूटी नहीं दिए जाने को लैंगिक भेदभाव बताते हुए इसका विरोध किया गया। वहीं लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों को भी संडे ड्यूटी के नियोजन से बाहर किए जाने को नियम विरुद्ध बताया गया।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया के नाम पर हजारों श्रमिकों को हालपैक ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल हेल्पर, ऑक्जिलरी कैडर के फोरमैन तथा लिपिक संवर्ग में पदोन्नति के लाभ से वंचित किया जा रहा है। उन्हें पदोन्नति के रूप में मिलने वाले एक इंक्रीमेंट का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा डिप्लोमा और डिग्रीधारी माइनिंग सरदार, जो वर्षों से कार्यरत हैं, जूनियर ओवरमैन के सीधे चयन के कारण पदानुक्रम में कनिष्ठ हो गए हैं। उनकी स्थिति में सुधार की मांग की भी अनदेखी किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई।

ठेका मजदूरों के शोषण और बोनस का मुद्दा उठा

ठेका मजदूरों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा गया कि उनसे 12 से 24 घंटे तक काम कराया जा रहा है, लेकिन ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जाता। अभी तक अनेक ठेका मजदूरों को बोनस नहीं मिला है और बोनस की पात्रता को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

सम्मेलन में बताया गया कि कोयला मजदूर पंचायत की शिकायत के बाद मिनसोल कंपनी चोटिल ठेका श्रमिक को 31 अक्टूबर 2026 को 3 लाख 74 हजार 364 रुपये का भुगतान करने के लिए बाध्य हुई।

स्थानांतरण नीति और खदानों की बदहाल सुविधाओं पर सवाल

कोल इंडिया लिमिटेड की स्थानांतरण नीति के विपरीत श्रमिकों को गेवरा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में स्थानांतरित किए जाने का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया गया। कैंसर पीड़ित, गंभीर रूप से बीमार तथा सेवानिवृत्ति का नोटिस प्राप्त कर चुके कर्मचारियों के स्थानांतरण का संगठन ने विरोध किया।

इसके साथ ही खदानों में भीषण गर्मी, कोयले की धूल, शुद्ध पेयजल की कमी और सिविल कार्यों में कथित भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं पर भी चिंता जताई गई।

मांग पत्र सौंपकर आंदोलन की चेतावनी

सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि कोयला मजदूर पंचायत इन सभी ज्वलंत समस्याओं को लेकर एसईसीएल के सीएमडी को विस्तृत मांग पत्र सौंपेगी। मांगों का निराकरण नहीं होने पर बिलासपुर स्थित मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

रेशलाल यादव अध्यक्ष और विनय सिंह महासचिव निर्वाचित

सम्मेलन के महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय में कोयला मजदूर पंचायत के केंद्रीय अध्यक्ष पद पर श्री रेशमलाल यादव तथा केंद्रीय महासचिव पद पर श्री विनय सिंह को सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया। दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को केंद्रीय कार्यकारिणी के गठन के लिए अधिकृत किया गया।

सम्मेलन में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने, बोनस के पात्र ठेका मजदूरों की सूची प्रकाशित करने, खान दुर्घटनाओं की नियमानुसार रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने तथा स्थानांतरण नीति के विरुद्ध किए गए स्थानांतरण निरस्त करने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।

सम्मेलन को रेशमलाल यादव, विनय सिंह, कमलेश सिंह, अमलेंदु विश्वास, सुनील पाण्डेय, हंसराज तंवर, गजेन्द्र सिंह, अनिरुद्ध सिंह, एससी मंसूरी, शिवनारायण मिश्रा और अख्तर जावेद उस्मानी ने संबोधित किया।

पूरे सम्मेलन के दौरान हिन्द मजदूर सभा जिंदाबाद और श्री हरभजन सिंह सिद्धू जिंदाबाद के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

विज्ञापन

जरूरी खबरें