Advertisment

18th November 2026

BREAKING NEWS

धान खरीदी, वन अधिकार पट्टा, भूमि अभिलेख सुधार, पेंशन एवं लंबित भुगतान सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे 14 आवेदक

धान खरीदी, पीएम सूर्य घर योजना, पेयजल, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिलेगा धान का मूल्य; टेलू राम कश्यप ने दोनों उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया

विधायक रेणुका सिंह ने किया जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव का शुभारंभ, कर्मा नृत्य ने बांधा समां

वनवासी कल्याण आश्रम चैनपुर में बाल प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित

कलेक्टर ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा : धान खरीदी, पीएम सूर्य घर योजना, पेयजल, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

Praveen Nishee Tue, Nov 17, 2026

मनेंद्रगढ़। एमसीबी। कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो। बैठक में धान खरीदी, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं ग्रामीण विकास कार्यों की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया।

पारस पोर्टल और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समय पर करें निराकरण

कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को पारस पोर्टल की नियमित निगरानी करते हुए ऑनलाइन प्राप्त प्रकरणों का एल-1 स्तर पर ही निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन एवं मुख्यमंत्री जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका प्राथमिकता से समाधान करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। बैठक में अपर कलेक्टर ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के अंतर्गत निरस्त कार्यों की राशि वापस कराने के निर्देश दिए।

पीएम सूर्य घर योजना में ग्राम पंचायतवार क्लस्टर बनाकर बढ़ाएं प्रगति

बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायतवार क्लस्टर तैयार कर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को हितग्राहियों एवं लंबित प्रकरणों की सूची उपलब्ध कराने तथा पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मेडिकल कॉलेज में पानी की समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों एवं नगरीय निकायों को जल जीवन मिशन तथा अमृत मिशन 2.0 के कार्यों में तेजी लाने को कहा। साथ ही डंगौरा, कोंडागी एवं लालपुर में पेयजल में फ्लोराइड संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फिजियोथेरेपी कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की व्यवस्था करने हेतु संबंधित एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले की सभी 19 धान खरीदी समितियों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा, आवश्यक संसाधनों तथा उपार्जन संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को धान खरीदी कार्य की सतत निगरानी करने तथा खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर कलेक्टर ने सीएमआर चावल के भंडारण की समीक्षा करते हुए दिसंबर से संबंधित भंडारण कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी एसडीएम, तहसीलदारों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को छात्रावासों, विद्यालयों, राशन दुकानों और शासकीय कार्यालयों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने पेंशन योजनाओं, राशन वितरण तथा वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत भुगतान की स्थिति की जांच कर पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

श्रमिकों और आंगनबाड़ी अमले का ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूरा करें

कलेक्टर ने श्रम विभाग को पात्र श्रमिकों के पंजीयन एवं ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कोटवारों, वनोपज श्रमिकों, नगरीय निकायों के सफाई कर्मचारियों, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के पंजीयन तथा ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी की जाएं।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार, श्रीमती नम्रता आनंद डोंगरे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती इंदिरा मिश्रा, एसडीएम एस. शेखर मिश्रा, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन

जरूरी खबरें