: ग्राम मूडगेलमाल में धूमधाम से संपन्न हुआ महालक्ष्मी पूजा महोत्सव
Admin Thu, Dec 12, 2024
देवभोग। गरियाबंद। ग्राम मूडगेलमाल में पिछले तीन वर्षों से आयोजित हो रही महालक्ष्मी पूजा इस बार भी बड़े धूमधाम और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुई। इस पूजा में लक्ष्मी माता के साथ गणेश भगवान और माता सरस्वती की भी पूजा की गई। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम के हीरालाल नेताम के नेतृत्व में किया गया, जिसमें पूरे ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य कर्ता जयंती यादव और उनके पति कृपा राम यादव रहे ।
पूजा की विशेषताएं
इस महालक्ष्मी पूजा में मुख्य पुजारी पंडित मुकेश पांडे द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई गई। कार्यक्रम में उड़ीसा से आए गायकों ने महालक्ष्मी पूजा के पुराण का पाठ किया और उसका महत्व बारीकी से समझाया। पूजा के दौरान पूरे ग्राम में भक्तिमय माहौल बना रहा। रात्रि कालीन मनोरंजन में उड़ीसा से आया हुआ नाटक सभी दर्शको व भक्तों का मन मोह लिया ।
ग्रामवासियों के लिए विशेष भंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी। हर उम्र के लोगों ने इस आयोजन में अपना समय और धनदान देकर सहयोग किया। कार्यक्रम की भव्यता में गरियाबंद जिला उपाध्यक्ष संजय नेताम की उपस्थिति ने चार चांद लगा दिए।
उड़िया संस्कृति का प्रभाव
यह क्षेत्र उड़ीसा की सीमा से सटा हुआ है, जिसके कारण यहां उड़िया संस्कृति का विशेष प्रभाव देखने को मिलता है। पूजा के दौरान उड़ीसा की परंपराओं का पालन भी किया गया, जो आयोजन को और खास बना गया।
सहयोगी और योगदानकर्ता
इस महालक्ष्मी पूजा आयोजन में हीरालाल नेताम के साथ पूर्वचन यादव, नर्सिंग नेताम, दिलेश्वरी नेताम, सुंदर यादव, भेकलाल बाग, मेघनाथ, दिलीप यादव, गुड्डू और महेश यादव ने आर्थिक और श्रमदान देकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
विशेष महत्व
मार्गशीर माह के आखिरी गुरुवार को होने वाली इस महालक्ष्मी पूजा का धार्मिक और सामाजिक महत्व अत्यधिक है। सुबह 3:00 से ही ग्राम के महिलाओं के द्वारा अपने-अपने घर में लक्ष्मी माता की पूजा किया गया और माता महालक्ष्मी के भजन कीर्तन किया गया । माता महालक्ष्मी की जय कारों से ग्राम गूंज उठा । ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयास और श्रद्धा ने इस आयोजन को और भी भव्य और यादगार बना दिया।
ग्राम मूडगेलमाल में इस तरह के आयोजनों से न केवल धार्मिक आस्था बलवती होती है, बल्कि सामूहिकता और सामाजिक एकता का भी संदेश मिलता है।
विज्ञापन