जंगली भालुओं का आतंक, वार्ड 1 से 6 तक दहशत : पार्षदों ने वन विभाग से की तत्काल कार्रवाई की मांग, पिंजरा लगाकर भालुओं को पकड़ने की अपील
Praveen Nishee Wed, Oct 14, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के अंतर्गत रेलवे कॉलोनी मोहापारा सहित वार्ड क्रमांक 1 से 6 तक जंगली भालुओं की लगातार आवाजाही से रहवासियों में भय और दहशत का माहौल है। जंगली भालुओं के आबादी वाले क्षेत्रों में घुसने और घरों, बाड़ों तथा आवासीय परिसरों तक पहुंचने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय पार्षदों ने वन विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद मोहम्मद हुसैन सहित वार्ड क्रमांक 1, 3, 4 और 5 के पार्षदों ने संयुक्त रूप से वनमंडलाधिकारी, मनेंद्रगढ़ को ज्ञापन सौंपकर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर को भी भेजी गई है।
सुबह-शाम घरों से निकलना हुआ मुश्किल
पार्षदों ने ज्ञापन में बताया कि पिछले कई दिनों से जंगली भालुओं की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। भालुओं के रिहायशी इलाकों में पहुंचने के कारण लोगों में भय का वातावरण है। विशेष रूप से सुबह और शाम के समय बुजुर्गों, महिलाओं तथा स्कूली बच्चों का घरों से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया है। रहवासियों को किसी भी समय गंभीर अप्रिय घटना होने की आशंका सता रही है।
पहले भी दी गई सूचना, अब ठोस कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इस समस्या से पहले भी मौखिक रूप से वन विभाग को अवगत कराया गया था, लेकिन पार्षदों के अनुसार अब तक कोई ठोस निराकरण नहीं हो पाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में गंभीर जनहानि हो सकती है।
गश्त बढ़ाने और भालुओं को सुरक्षित पकड़ने की मांग
पार्षदों ने वन विभाग से प्रभावित वार्डों में तत्काल वन अमले की गश्त बढ़ाने, आवश्यकतानुसार पिंजरा लगाकर भालुओं को सुरक्षित पकड़ने तथा उन्हें आबादी से दूर उपयुक्त वन क्षेत्र में स्थानांतरित करने की मांग की है। उनका कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता बने
पार्षदों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि मनेंद्रगढ़ के प्रभावित वार्डों में रहने वाले नागरिक भयमुक्त वातावरण में अपना दैनिक जीवन व्यतीत कर सकें।
अब देखना होगा कि वन विभाग इस गंभीर समस्या पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है और रहवासियों को जंगली भालुओं के आतंक से कब तक राहत मिल पाती है।

विज्ञापन