गूंजेगी गरबा की धूम, तीन दिवसीय MCB ग्रैंड गरबा 2026 : 15, 16 और 17 अक्टूबर को सजेगा उत्सव का रंगमंच, भव्य मंच और आकर्षक सजावट के साथ आयोजन की तैयारियां पूरी
Praveen Nishee Thu, Oct 15, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। नवरात्रि के उल्लास, संगीत की मधुर धुनों और गरबा के पारंपरिक रंगों से मनेंद्रगढ़ को सराबोर करने के लिए MCB ग्रैंड गरबा मनेंद्रगढ़ 2026 का शुभारंभ आज, 15 अक्टूबर को सायं 7बजे से होने जा रहा है। तीन दिवसीय यह गरबा महोत्सव 15, 16 और 17 अक्टूबर को आयोजित होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम रूप ले चुकी हैं और भव्य मंच की साज-सज्जा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
भव्य मंच, आकर्षक सजावट और उत्सव का माहौल
आयोजन स्थल को आकर्षक रूप दिया गया है। विशाल मंच पर रंगीन पृष्ठभूमि, सुसज्जित पंडाल और सहयोगी प्रतिष्ठानों के प्रायोजक बोर्ड लगाए गए हैं। वहीं, ध्वनि व्यवस्था सहित अन्य तैयारियां भी की गई हैं। आयोजन की भव्यता को देखते हुए गरबा प्रेमियों में उत्साह का माहौल बनने की उम्मीद है।
तीन दिन तक छाएगा गरबा का रंग
15 से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव में गरबा और पारंपरिक सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उत्सव का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। गरबा केवल नृत्य नहीं, बल्कि भारतीय लोकसंस्कृति, परंपरा और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। ऐसे आयोजन विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी मेलजोल और सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं।
आज से शुरू होने जा रहे इस तीन दिवसीय गरबा महोत्सव से मनेंद्रगढ़ में नवरात्रि के उत्सवी माहौल को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। अब शहरवासियों की निगाहें इस आयोजन पर टिकी हैं, जहां संगीत, नृत्य और परंपरा के संग उत्सव के रंग बिखरेंगे।

विज्ञापन