केल्हारी में धूमधाम से मना जनजाति गौरव दिवस, : जनजातीय वीरों का त्याग और बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा, उनके योगदान को सदैव मिलेगा सम्मान: रेणुका सिंह
Praveen Nishee Thu, Nov 19, 2026
मनेंद्रगढ़।एमसीबी। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा केल्हारी के स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, लोककला, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास की मनमोहक झलक देखने को मिली। समारोह की मुख्य अतिथि भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह रहीं। उन्होंने जनजातीय देवगुड़ी में पूजा-अर्चना तथा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महापुरुषों के छायाचित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
जनजातीय महापुरुषों की स्मृति में 45 लाख रुपये की घोषणा
समारोह में विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने जनजातीय महापुरुषों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए कुल 45 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र के किसी एक ग्राम में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना के लिए 15 लाख रुपये, भरतपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा के लिए 15 लाख रुपये तथा खड़गवां क्षेत्र में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापना के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।
जनजातीय वीरों का बलिदान देश के लिए प्रेरणास्रोत: रेणुका सिंह
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय क्रांतिकारियों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ स्वतंत्रता, संस्कृति और स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका त्याग और बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय महापुरुषों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की।
विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत जिले में तीन हजार से अधिक आवास तथा लगभग 730 किलोमीटर सड़क निर्माण के कार्यों से जनजातीय परिवारों को लाभ मिल रहा है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने समाज से अपनी भाषा, संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों को संरक्षित रखते हुए नई पीढ़ी को गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का आह्वान किया।
जनजातीय परिवारों के विकास को प्राथमिकता
अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार ने शासकीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्रधानमंत्री जनमन योजना सहित जनजातीय कल्याण की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों को आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामुदायिक भवन तथा वन अधिकार पट्टा जैसी सुविधाओं से लाभान्वित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव श्रीमती चंपा देवी पावले ने जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी को शिक्षा से जोड़ने पर जोर देते हुए केल्हारी में भगवान बिरसा मुंडा चौक स्थापित करने की मांग रखी। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनीता सिंह तथा समाज प्रमुख श्री परमेश्वर सिंह ने भी भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और उलगुलान आंदोलन को जनजातीय समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
लोकनृत्यों ने मोहा मन, हितग्राहियों और प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समारोह में बूढ़ा देव कर्मा दल छिपछिपी, रामचरित मानस कर्मा दल बाला तथा स्वामी आत्मानंद मिडिल स्कूल केल्हारी के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मांदर की थाप और पारंपरिक लोकगीतों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर जनजातीय हस्तशिल्प, पारंपरिक आभूषण, वेशभूषा और स्थानीय व्यंजनों की सराहना की।
कार्यक्रम में जनजातीय समाज के प्रमुखजनों, प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। बैगा पुजारी सम्मान निधि योजना के हितग्राहियों का सम्मान करने के साथ 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं 10 सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। वहीं पांच हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड तथा सात हितग्राहियों को सरसों बीज वितरित किए गए।
समारोह में पूर्व संसदीय सचिव श्रीमती चंपा देवी पावले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, जनपद अध्यक्ष श्रीमती जानकी बाई कुसरो, माया प्रताप सिंह, श्रीमती श्याम बाई मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनीता सिंह, अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार, एडीएम शशि शेखर मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा खलखो एवं स्वप्निल वर्मा, जनपद सीईओ सुश्री वैशाली सिंह सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुखजन,अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

विज्ञापन