मामलों में 1,81,42,826 रुपये की राशि का सेटलमेंट हुआ : एक ही दिन में 14,233 प्रकरणों का निराकरण, नेशनल लोक अदालत सफलतापूर्वक संपन्न
Praveen Nishee Sat, Mar 14, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। नेशनल लोक अदालत का आयोजन दिनांक 14 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक किया गया। इस लोक अदालत में एक ही दिन में आपसी राजीनामा के आधार पर कुल 14,233 प्रकरणों का निराकरण किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार को आयोजित इस नेशनल लोक अदालत में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगेश पारीक के नेतृत्व में तथा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति) मनेंद्रगढ़ की अध्यक्षता में शिविर आयोजित किया गया।
सिविल न्यायालय बैकुण्ठपुर एवं मनेंद्रगढ़ के लिए कुल 16 खंडपीठों का गठन किया गया था। इनमें न्यायालय में लंबित 3,833 प्रकरणों को राजीनामा के लिए रखा गया, जिनमें से 3,063 प्रकरणों का निराकरण आपसी सहमति से किया गया। इन मामलों में 1,81,42,826 रुपये की राशि का सेटलमेंट हुआ।
नेशनल लोक अदालत के अंतर्गत राजस्व न्यायालयों में कलेक्टर, एसडीएम एवं तहसीलदार की खंडपीठ भी गठित की गई। राजस्व न्यायालय बैकुण्ठपुर में 9 खंडपीठ तथा जिला एमसीबी में 19 खंडपीठ का गठन किया गया। इन खंडपीठों के माध्यम से जिला कोरिया और जिला एमसीबी के कुल 11,063 राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया।
इसके अतिरिक्त बैंक, नगरपालिका, टेलीफोन एवं राजस्व विभाग से संबंधित 15,097 प्रीलिटिगेशन प्रकरण लोक अदालत में रखे गए थे, जिनमें से 11,170 प्रकरणों का निराकरण किया गया।
इस प्रकार जिला बैकुण्ठपुर (कोरिया) एवं मनेंद्रगढ़ में कुल 18,930 प्रकरण लोक अदालत में रखे गए, जिनमें से 14,233 प्रकरणों का निराकरण कर 2,04,40,974 रुपये की राशि का सेटलमेंट आपसी राजीनामा के माध्यम से किया गया।

विज्ञापन