वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित : चनवारीडांड स्कूल के बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
Praveen Nishee Fri, Oct 9, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला चनवारीडांड में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा पहली से पांचवीं तक के सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से वन्यजीवों के संरक्षण का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के दौरान वन विभाग की टीम ने सभी बच्चों को चित्र बनाने के लिए चार्ट पेपर एवं कलर पेंसिल उपलब्ध कराए। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता के माध्यम से वन्य प्राणियों से संबंधित आकर्षक चित्र बनाए। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। वहीं, अन्य सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वन्य प्राणी संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रैली भी निकाली गई। रैली में बच्चों ने वन्यजीवों की रक्षा, प्रकृति संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने से संबंधित नारे लगाए। इस पहल के माध्यम से बच्चों को वन्यजीवों के महत्व और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस आयोजन में मनेंद्रगढ़ वन परिक्षेत्र अधिकारी विश्वनाथ साहू, सीएफओ अशोक कुमार यादव, रामगोपाल सिंह (रतौरा), श्रीमती अनीता सिंह, बीएफओ इंद्र कुमार बंजारे, अशोक कुमार कुर्रे, मनोज कुमार सेन एवं श्रीमती देवगन सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में बचपन से ही वन्य प्राणियों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा उन्हें वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना रहा।

विज्ञापन