कार्तिक महिला मंडल ने : उत्साहपूर्वक मनाया गोवर्धन पूजा का पर्व, पं. ओम नारायण द्विवेदी बोले—नर से नारायण बनने का मार्ग है परोपकार
Praveen Nishee Tue, Nov 10, 2026
मनेन्द्रगढ़। एमसीबी। श्री राम मंदिर में कार्तिक महिला मंडल द्वारा गोवर्धन पूजा का पर्व धार्मिक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन पर्वत की पूजा कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
उल्लेखनीय है कि कार्तिक माह के पावन अवसर पर श्री राम मंदिर में कार्तिक महिला मंडल द्वारा लगातार पंद्रह दिनों से विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। महिला मंडल की सदस्याएं प्रतिदिन पूरे श्रद्धाभाव से पूजा में शामिल होकर कार्तिक मास की धार्मिक परंपराओं का निर्वहन कर रही हैं।
इस धार्मिक आयोजन का विशेष आकर्षण मंदिर के महंत पंडित ओम नारायण द्विवेदी द्वारा प्रतिदिन सुनाई जा रही कार्तिक पुराण की कथा है। कथा श्रवण के दौरान पंडित द्विवेदी कार्तिक मास की महिमा, धर्म-कर्म, सेवा, दान-पुण्य और मानव जीवन में परोपकार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाल रहे हैं।
इस अवसर पर पंडित ओम नारायण द्विवेदी ने परोपकार को मानव जीवन की सबसे बड़ी विशेषता बताते हुए कहा कि नर से नारायण बनने का मार्ग परोपकार से होकर गुजरता है। मनुष्य का जीवन केवल अपने लिए जीने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि दूसरों के दुख-दर्द को समझना और जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्चे मानव जीवन का उद्देश्य है। दूसरों के हित में किया गया कार्य ही वास्तविक धर्म और ईश्वर की सच्ची आराधना है। उन्होंने कहा कि पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों की सार्थकता तभी है, जब उनके माध्यम से मनुष्य के भीतर सेवा, दया, करुणा और परोपकार की भावना जागृत हो।
गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण करने के प्रसंग का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण के संरक्षण के साथ सामूहिकता एवं समर्पण का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला के माध्यम से प्रकृति के महत्व और उसके प्रति कृतज्ञता का भाव समाज को समझाया।
कार्तिक महिला मंडल की इस धार्मिक पहल से श्री राम मंदिर में पूरे कार्तिक माह आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। महिलाएं पूजा-अर्चना और कथा श्रवण के माध्यम से धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ समाज में संस्कार, सेवा और भक्ति का संदेश भी प्रसारित कर रही हैं।
मंदिर के महंत पंडित ओम नारायण द्विवेदी द्वारा कार्तिक पुराण की कथा आगामी 24 नवंबर तक प्रतिदिन सुनाई जाएगी।


विज्ञापन