25 किलोमीटर की जागरूकता राइड : साइकिलिंग से स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया सतीश ने
Praveen Nishee Thu, Nov 5, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। फिट इंडिया एंड सेव एनवायरनमेंट अभियान के अंतर्गत सतीश कुमार द्विवेदी ने आज सुबह 25 किलोमीटर की साइकिलिंग कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साइकिलिंग के दौरान उन्होंने एक वीडियो संदेश के माध्यम से नियमित साइकिल चलाने के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि नियमित साइकिलिंग हृदय को स्वस्थ रखने, रक्त में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित करने, रक्त संचार बेहतर बनाने और शरीर में अतिरिक्त चर्बी जमा होने से रोकने में सहायक हो सकती है। इससे फेफड़ों की कार्यक्षमता, मांसपेशियों की मजबूती और लचीलापन बढ़ाने के साथ-साथ रक्त शर्करा नियंत्रण एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाए रखने में भी मदद मिलती है।
द्विवेदी ने कहा कि सर्दियों में साइकिलिंग करना विशेष रूप से लाभदायक हो सकता है। ठंड के मौसम में नियमित शारीरिक गतिविधि शरीर को सक्रिय रखने और फिटनेस बनाए रखने में मदद करती है। उन्होंने सुबह 6 से 7:30 बजे के बीच साइकिलिंग को उपयुक्त समय बताते हुए कहा कि शुरुआती लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार प्रतिदिन 8 से 10 किलोमीटर से शुरुआत करनी चाहिए तथा धीरे-धीरे दूरी और समय बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी दिनचर्या में साइकिलिंग को शामिल करें और छोटी दूरी के लिए मोटर वाहनों के स्थान पर साइकिल का उपयोग करें। इससे स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ-साथ ईंधन की बचत, वायु प्रदूषण में कमी और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है।
सतीश कुमार द्विवेदी का संदेश है कि स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक छोटी-सी शुरुआत भी बड़े बदलाव का आधार बन सकती है।

विज्ञापन