Advertisment

17th October 2026

BREAKING NEWS

मानसिक स्वास्थ्य देखभाल, नशामुक्ति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो

नवरात्रि और दशहरे की धूम, नन्हे-मुन्नों ने दिया सत्य की जीत का संदेश

वो हादसा भी कितना अजीबो गरीब था... वो आग से जला जो नदी के करीब था...

स्थापना, खनिज, जनसंपर्क, महिला एवं बाल विकास, आबकारी, खाद्य सहित विभिन्न विभागों का लिया जायजा,

15, 16 और 17 अक्टूबर को सजेगा उत्सव का रंगमंच, भव्य मंच और आकर्षक सजावट के साथ आयोजन की तैयारियां पूरी

मन जागृति अभियान के तहत छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान सम्मानित : मानसिक स्वास्थ्य देखभाल, नशामुक्ति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो

Praveen Nishee Sat, Oct 17, 2026

सूरजपुर। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित मन जागृति अभियान के तहत जिला चिकित्सालय सूरजपुर के सभाकक्ष में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं सहयोगी संस्था सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य देखभाल और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान, लखनपुर, जिला सरगुजा को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर उपचार उपलब्ध कराने, परामर्श सेवाओं को प्रोत्साहित करने और मानसिक रोगों से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा तथा मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान, उचित उपचार और परामर्श से प्रभावित व्यक्तियों को बेहतर जीवन जीने में सहायता मिल सकती है।

1990 से सामाजिक सेवा में सक्रिय है संस्थान

छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू ने बताया कि संस्थान वर्ष 1990 से लगातार सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा सूरजपुर जिले में नशामुक्ति केंद्र और वृद्धाश्रम का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही बाल अधिकार, महिला अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए जागरूकता अभियान तथा टोनही प्रताड़ना के विरुद्ध जनजागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा संचालित केंद्रों में आने वाले मरीजों को मानसिक स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी, उचित सलाह और आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाता है। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे लोगों के परिजनों को भी समझाइश दी जाती है। आवश्यकता के अनुसार मरीजों को बेहतर उपचार के लिए सेंदरी और रांची भेजने में सहयोग किया जाता है।

कई संस्थाओं को किया गया सम्मानित

समारोह में 10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला जेल सूरजपुर, बालक एवं बालिका छात्रावास, अरुणोदय कोचिंग संस्थान तथा मितानिन कार्यक्रम सहित विभिन्न संस्थाओं को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू तथा स्नेह संबल वृद्धाश्रम, तिलसुवा, सूरजपुर की अधीक्षक पायल गुप्ता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान को पूर्व में भी समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। मन जागृति अभियान के तहत मिला यह सम्मान संस्था के सामाजिक सरोकारों और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को नई पहचान प्रदान करता है।

विज्ञापन

जरूरी खबरें