Advertisment

15th June 2026

BREAKING NEWS

फिट इंडिया एंड सेव एनवायरमेंट अभियान” के तहत 30 किलोमीटर साइकिलिंग कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गंभीर रूप से घायल विक्षिप्त महिला को मिला मानवीय सहयोग, उपचार के बाद सूरजपुर रेफर

विश्व रक्तदान दिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित, 32 यूनिट रक्त संग्रहित

मोटरयान अधिनियम के तहत ₹5,000 का चालान, मॉडिफाइड सायलेंसर जप्त

बेहतर स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा के लिए सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी बेहद जरूरी- हफीज मेमन

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल : स्वच्छ हवा और स्वस्थ जीवन के लिए साइकिल चलाना एक सरल और प्रभावी उपाय है-सतीश द्विवेदी

Praveen Nishee Sat, Nov 15, 2025

मनेंद्रगढ़ । एमसीबी। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “Save Our Ailing World” थीम पर साइकिल रेस का भव्य आयोजन किया गया। इस रेस में विद्यालय के चारों सदनों के छात्र- छात्राओं सहित शहर के प्रतिष्ठित एवम् गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।रेस की शुरुआत विशेष प्रातः सभा के द्वारा हुई। प्रातः सभा में सर्वप्रथम विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी एवम् निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह सहित सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया एवम् राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता एवम् कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने हेतु शपथ ली गई। कार्यक्रम के अगले चरण में सभी प्रतिभागियों को फीता काट कर साइकल दौड़ हेतु रवाना किया गया। यह दौड़ शहर के सभी प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस विद्यालय में समाप्त की गई। मनेंद्रगढ़ पुलिस की सजग एवम् सतर्क भागीदारी से यह रेस सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी। प्रतिभागियों द्वारा विद्यालय पहुंचने के पश्चात् सभी को बहुउद्देशीय हॉल में बैठाया गया एवम् मेडल, ट्राफी तथा प्रमाणपत्रों द्वारा सम्मानित किया गया। जिसमें छात्र वर्ग में प्रथम स्थान पर टैगोर सदन के छात्र गौरव केवट रहे, द्वितीय स्थान पर आर्यभट्ट सदन के छात्र अभिजीत शांडिल्य रहे तृतीय स्थान पर पुन:टैगोर सदन के छात्र यशराज ने अपना नाम सुनिश्चित किया, छात्रा वर्ग में प्रथम स्थान पर आर्यभट्ट सदन की छात्रा रोहिणी बघेल रहीं, द्वितीय स्थान पर टैगोर सदन की छात्रा समृद्धि वर्मा रही तथा तृतीय स्थान पर पुन: टैगोर सदन की छात्रा त्रिवेणी पैकरा ने कब्ज़ा जमाया। विद्यालय को सम्बोधित करते हुए मनेंद्रगढ़ साइकलिंग ग्रुप के संस्थापक सतीश द्विवेदी ने बच्चों को पर्यावरण के महत्त्व और जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलावों के माध्यम से पृथ्वी को हरा-भरा रखने का संदेश दिया श्री द्विवेदी ने कहा कि साइकिल रेस में विद्यार्थियों ने भाग लेते हुए यह सिद्ध किया कि स्वच्छ हवा और स्वस्थ जीवन के लिए साइकिल चलाना एक सरल और प्रभावी उपाय है। इसके साथ ही शहर के प्रतिष्ठित ग्रीन वैली फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री नरोत्तम शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे चारों ओर जो हरियाली, शुद्ध हवा, और स्वच्छ पानी है, वही हमारे जीवन का आधार है। लेकिन आज इन प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी बन गई है।

प्रदूषण, पेड़ों की कटाई, जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याएँ हमारे पर्यावरण को नुकसान पहुँचा रही हैं। यदि हम आज सचेत नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा, पानी और हरियाली नहीं मिल पाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ बसंत कुमार तिवारी ने सभी गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज हमारे विद्यालय में आयोजित साइक्लोथोन में आप सभी की उपस्थिति हमारे लिए गर्व की बात है। आप सभी के सहयोग, उत्साह और प्रोत्साहन के बिना यह आयोजन संभव नहीं था।

हमारे मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने अपने व्यस्त समय से समय निकालकर बच्चों को स्वास्थ्य, पर्यावरण और खेल की महत्ता के बारे में प्रेरित किया। इस कार्यक्रम मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यह समझाना था कि प्रदूषण कम करने, ऊर्जा की बचत करने और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में साइकिल चलाना कितना उपयोगी है। संस्था की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने सभी अतिथियों एवम् अभिभावकों को धन्यवाद प्रेषित करते हुए कहा कि साइकिलिंग केवल एक खेल नहीं है; यह एक संदेश है—एक संदेश कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी संपत्ति है, पर्यावरण हमारी जिम्मेदारी है, और मिलकर हम एक स्वस्थ और मजबूत भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।

यह मैराथन हमारे विद्यार्थियों को आलस्य के बजाय सक्रियता, शॉर्टकट्स के बजाय सहनशक्ति, और सुविधा के बजाय जिम्मेदारी चुनने के लिए प्रोत्साहित करती है। मैं सभी प्रतिभागियों के जोश और उपस्थिति से अत्यंत प्रसन्न हूँ। यह उत्साह साबित करता है कि हमारी नई पीढ़ी एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए तैयार है।

इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित श्रीराम हॉस्पिटल की टीम एवम् पुलिसबल का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सहायता और आपातकालीन व्यवस्था के लिए आपका साथ और सहयोग इस आयोजन को सफल बनाता है। समाज के प्रति आपकी सेवा प्रशंसनीय है।

“Green Earth, Clean Earth” तथा “Ride for Nature” जैसे नारों ने वातावरण को प्रेरणादायक बना दिया।अंत में सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की शपथ दिलाई गई। इस आयोजन ने विद्यालय में सबके भीतर प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना को और गहराई से स्थापित किया।

कार्यक्रम में ग्रीन वैली फाउंडेशन के सदस्य सी.पी. गुप्ता, रेड क्रॉस सोसाइटी मनेंद्रगढ़ के अध्यक्ष शैलेश जैन, हर्बल लाइफ की अंतरराष्ट्रीय कोच श्रीमती ममता राणा सहित सभी गणमान्य अतिथियों ने बच्चों को स्वास्थ्य एवम् पर्यावरण के प्रति जागरूक बनने का संदेश दिया। इसके पश्चात् राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

विज्ञापन

जरूरी खबरें