गौ सम्मान अभियान का आयोजन : गौ माता को सेवा सुरक्षा और सम्मान की उठी मांग
Praveen Nishee Sun, Apr 26, 2026
मनेद्रगढ़। एमसीबी। गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने एवं गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए "गौ सम्मान अभियान का आयोजन स्थानीय सुरभि पार्क में किया गया। कार्यक्रम के संयोजक अरुण सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में गौ सेवा हेतु केंद्रीय कानून बनाने एवं भारतवर्ष में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की पुरजोर अपील की गई। संयोजक ने बताया कि 27 अप्रैल को तहसील एवं जिला कार्यालय में इस मांग के समर्थन में माननीय राष्ट्रपति प्रधानमंत्री एवं राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री के नाम पर गो रक्षक ,मांग पत्र जिला कलेक्टर के माध्यम से सौंपेंगे। पशु मेलों के नाम से हो रही अवैध गौ तस्करी का मुद्दा उठाते हुए पतंजलि योग समिति के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय ने इस अभियान का समर्थन किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान का उद्देश्य गौ माता की सेवा सुरक्षा और सम्मान के लिए चलाया जा रहा है।
उन्होंने इस अवसर पर रायपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार गिरीश पंकज के द्वारा लिखित-" एक गाय की आत्मकथा"का उल्लेख करते हुए कहा कि - छत्तीसगढ़ में गाय के संरक्षण सुरक्षा एवं संवर्धन के लिए , उनको प्रेरणा इसी उपन्यास के माध्यम से मिली है। इस अभियान के तहत कई चरणों में जिले के गौ भक्त मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के माध्यम से माननीय राष्ट्रपति और भारत के प्रधानमंत्री के नाम राज्य शासन सचिव को प्रार्थना पत्र भी सौंपेंगे। इस अवसर पर 18वीं बटालियन चैनपुर के जवान एवं वरिष्ठ अधिकारी , आम नागरिक माताएं एवं बड़ी संख्या में बच्चे भी उपस्थित थे। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी एवं संचालन अरुण सिंह के द्वारा दिया गया।

विज्ञापन