2797.17 लाख के जनकल्याणकारी कार्यों को मिली मंजूरी, : स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की मौजूदगी में डीएमएफ बैठक सम्पन्न, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल को मिली बड़ी सौगात
Praveen Nishee Fri, Jun 12, 2026
डीएमएफ निधि से बदलेगी जिले की तस्वीर, 425 कार्यों की समीक्षा के बीच नए विकास कार्य स्वीकृत
मनेंद्रगढ़।एमसीबी। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की शासी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, चिरमिरी महापौर रामनरेश राय, नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव सहित जनप्रतिनिधियों एवं जिला अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जिले के विकास को नई गति देने के लिए कुल 2797.17 लाख रुपये की लागत के विभिन्न जनकल्याणकारी एवं आधारभूत संरचना विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2026-27 तक डीएमएफ मद से जिले को कुल 8189.71 लाख रुपये प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 6950.42 लाख रुपये का व्यय कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न विकास कार्यों को धरातल पर उतारा गया है। वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में कुल 425 विकास कार्य स्वीकृत हुए, जिनमें 189 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा 236 कार्य प्रगतिरत हैं।
नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता डोंगरे ने विभागवार प्रस्तावों की जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग के लिए 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ में जिला टीकाकरण स्टोर स्थापना हेतु आवश्यक उपकरण, मुक्तांजलि वाहन, टीएमटी मशीन, होल्टर मशीन, 24 घंटे एबीपीएम मशीन, मेडिकल कॉलेज के शिक्षकों के विशेष वेतन तथा विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं तकनीकी मानव संसाधनों की सेवाओं के विस्तार को स्वीकृति दी गई।
सीजीएमएससी के माध्यम से सम्पवेल निर्माण, मेडिकल कॉलेज छात्रावासों की मरम्मत, केल्हारी एवं आमाखेरवा में पोस्टमार्टम कक्ष निर्माण, स्वास्थ्य केंद्रों एवं विद्यालयों की मरम्मत तथा योग भवन निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति मिली। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने केल्हारी में पोस्टमार्टम कक्ष निर्माण हेतु अतिरिक्त 10 लाख रुपये स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
नगर निगम चिरमिरी क्षेत्र में आवास निर्माण, स्काई लिफ्ट, छात्र-छात्राओं के बस परिवहन, जल प्रदाय, बाजार शेड, पार्किंग शेड, टिकट काउंटर, फुटबॉल मैदान शेड तथा प्रकाश व्यवस्था से जुड़े विभिन्न कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने एसईसीएल को संबंधित क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं फिलिंग कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़, नई लेदरी और झगराखाण्ड क्षेत्र में फिल्टर प्लांट नवीनीकरण, एलईडी एवं सोलर लाइट, फ्लड लाइट, मिनी टिपर, जल प्रदाय एवं प्रकाश व्यवस्था संबंधी कार्यों को स्वीकृति दी गई। स्वास्थ्य मंत्री ने सीएमएचओ को सभी नगरीय निकायों के पेयजल की प्रत्येक माह गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा अतिरिक्त 10 सोलर लाइट उपलब्ध कराने की घोषणा की।
पुलिस विभाग को पूरे जिले में रोड सेफ्टी कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिए कि ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर एवं जेब्रा क्रॉसिंग जैसे सुरक्षा कार्य पुलिस अधीक्षक की निगरानी में कराए जाएं तथा इसके लिए निर्माण एजेंसी भी निर्धारित की जाए।
जिला पंचायत के माध्यम से स्व-सहायता समूहों एवं लखपति दीदियों के लिए पैकेजिंग यूनिट, मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट, मोरिंगा प्रोसेसिंग यूनिट, मल्टी लेयर फार्मिंग, ऑयल सीड प्रोसेसिंग यूनिट, सेनेटरी पैड निर्माण इकाई, चेकडैम, सामुदायिक कुएं, दोना-पत्तल यूनिट, पर्यटन विकास एवं जलस्रोत संरक्षण संबंधी अनेक कार्यों को स्वीकृति दी गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने आंगनबाड़ी, स्कूलों एवं अस्पतालों में दिए जाने वाले भोजन में मोरिंगा के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने महाई और चिरमिरी में भी मोरिंगा प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने, पर्यटन स्थलों तथा छात्रावासों में सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने और भौता क्षेत्र में दोना-पत्तल यूनिट स्थापित करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत नवीन आंगनबाड़ी भवन, शौचालय, स्कूल मरम्मत, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, फर्नीचर एवं पोषण कार्यक्रमों के लिए राशि स्वीकृत की गई। आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत क्रीड़ा परिसर एवं छात्रावासों के विभिन्न निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई। स्वास्थ्य मंत्री ने अतिरिक्त तीन कक्षों के निर्माण हेतु अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के लिए नलकूप खनन, फ्लोराइड रिमूवल प्लांट, मोटर पंप, हाइड्रोलिक मशीन तथा जल योजनाओं के मरम्मत कार्य स्वीकृत किए गए। स्वास्थ्य मंत्री ने स्कूलों और अस्पतालों के समीप प्राथमिकता के आधार पर नलकूप खनन कराने के निर्देश दिए।
क्रेडा विभाग के माध्यम से सोलर ड्यूल पंप, सोलर हाईमास्ट तथा देवरा गांव के विद्युतीकरण कार्यों को मंजूरी मिली। खेल विभाग के लिए मिनी स्टेडियम खड़गवां, खेलो इंडिया केंद्र बंजी तथा लालपुर क्रीड़ा परिसर में विभिन्न खेल सुविधाओं के विकास कार्य स्वीकृत किए गए। कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने बच्चों के लिए जूडो एवं कराटे प्रशिक्षण की राशि बढ़ाने तथा स्केटिंग ट्रैक निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बरदर बाजार एवं एकलव्य विद्यालय क्षेत्र में फिलिंग कार्य कराने, एकलव्य विद्यालय में रिटर्निंग वॉल निर्माण कराने, जिले के समस्त जलाशयों का निरीक्षण एवं जांच कराने तथा नई लेदरी को दो अतिरिक्त पानी टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने निर्देश दिए कि जिले में स्थापित सभी बोरवेल एवं नलकूपों के समीप वाटर रिचार्ज संरचनाएं विकसित की जाएं। उन्होंने स्कूलों की बाउंड्रीवाल के किनारे व्यापक वृक्षारोपण तथा सुरक्षा की दृष्टि से कांटेदार लेमन ट्री लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में दुर्गेश पाण्डेय स्टोन क्रेशर नागपुर, कमलेश गुप्ता स्टोन क्रेशर जनकपुर, सुरेश श्रीवास्तव स्टोन क्रेशर पिपरिया, रामलाल सिंह सरपंच ग्राम पंचायत उधनापुर, संत कुमार सरपंच ग्राम पंचायत मझौली, नरेन्द्र सिंह सरपंच ग्राम पंचायत रतनपुर, श्रीमती पार्वती सिंह सरपंच ग्राम पंचायत बरदर, सुनीता सिंह सरपंच ग्राम पंचायत कोड़ा, श्रीमती असमेद सोनवानी जनपद पंचायत सदस्य, रमा शंकर सिंह, प्रेमनारायण सिंह सरपंच ग्राम पंचायत कटकोना, श्रीमती मालती सिंह सरपंच ग्राम पंचायत मुख्तियारपारा, श्रीमती सावित्री सिंह सरपंच ग्राम पंचायत शेरी, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता डोंगरे, अनिल कुमार सिदार, एसडीएम लिंगराज सिदार, खनिज अधिकारी, उप संचालक पंचायत, छत्तीसगढ़ राज्य वितरण कंपनी लिमिटेड मनेंद्रगढ़ के अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन