जागृति महिला समिति द्वारा : गरीब परिवार की बेटी के विवाह में सम्मिलित होकर दिए उपहार
Praveen Nishee Sun, Feb 22, 2026

मनेंद्रगढ़। एमसीबी। श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर की अध्यक्ष श्रीमती शशि दुहन की प्रेरणादायक मार्गदर्शन तथा समस्त उपाध्यक्षगणों के सान्निध्य से अनुप्राणित होकर हसदेव क्षेत्र की जागृति महिला समिति द्वारा दिनांक 19 फरवरी 2026 को नेई लेदरी में एक अभिनंदनीय सामाजिक सेवा कार्य किया गया। समाज के प्रति अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता एवं नैतिक दायित्व का निर्वहन करते हुए समिति द्वारा अनुसूचित जनजाति के गरीब परिवार की बेटी के विवाह के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों को सहायता प्रदान कर लाभान्वित किया गया। कन्या को उनके वैवाहिक जीवन के मंगलमय प्रारंभ हेतु आवश्यक गृह-उपयोगी सामग्री ससम्मान अर्पित की गई। यह सेवा-कार्य न केवल परोपकार की भावना का द्योतक है, अपितु सामाजिक समरसता, सहानुभूति एवं मानवीय संवेदना का सशक्त उदाहरण भी है। जागृति महिला समिति की अध्यक्षा डॉ. श्रीमती सरोज बाला बिश्नोई के कुशल नेतृत्व में संपन्न इस कार्यक्रम में कन्या को पलंग, गद्दा, छह ग्लास, छह कटोरियाँ, दो करछुल, कड़ाही, गंजी, आलू-प्याज रखने की टोकनी, मिक्सी, कुकर, जग, लोटा, छह थालियाँ, साड़ीया एवं सोहाग पोटली सहित 1 किलोग्राम चॉकलेट्स भेंट स्वरूप प्रदान किए गए। यह समस्त सामग्री नव दंपति के गृहस्थ जीवन की आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए सुविचारित रूप से प्रदान की गई ,जिससे दोनों परिवारों के लिए यह अवसर और अधिक सुखद एवं सम्मानजनक बन सका। कन्या की माता राधा देवी ने जागृति महिला समिति के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा ऐसे लोक हितकारी प्रयास समाज में सद्भाव, करुणा एवं आत्मीयता के मूल्यों को सुदृढ़ एवं स्थायी बनाते हैं। हम जागृति महिला समिति के प्रति आभारी हैं।
कार्यक्रम सौहार्द, संवेदनशीलता एवं आत्मीय सहभागिता के वातावरण में संपन्न हुआ। समिति की सदस्याओं के सक्रिय सहयोग, समर्पण एवं संगठित प्रयासों से यह पुनीत सेवा कार्य सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। समिति द्वारा भविष्य में भी समाजोपयोगी एवं जन कल्याणपरक गतिविधियों को निरंतर गति प्रदान करने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया गया।
इस कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष डॉ. श्रीमती सरोज बाला बिश्नोई, समिति सचिव रूना मित्रा एवं सभी सक्रिय सदस्यों ने अपनी गरिमामयी सहभागिता प्रदान की।
से
विज्ञापन