इंटेक परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया : भारतीय सांस्कृतिक धरोहर, इतिहास तथा परंपराओं के प्रति जागरूकता और संरक्षण की भावना विकसित करना
Praveen Nishee Sun, Sep 28, 2025
मनेंद्रगढ़। एमसीबी । भारतीय संस्कृति निधि के कोरिया चैप्टर द्वारा क्षेत्र के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल,मनेंद्रगढ़ में इंटेक परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय सांस्कृतिक धरोहर, इतिहास तथा परंपराओं के प्रति जागरूकता और संरक्षण की भावना विकसित करना था।
परीक्षा में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल समेत अन्य पांच प्रतिष्ठित विद्यालयों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र में भारतीय इतिहास, कला, स्थापत्य, स्मारक, पुरातत्व, लोकसंस्कृति तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों को सम्मिलित किया गया था। विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग से प्रश्नों का उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परीक्षा कुल दो चरणों में संचालित की गई, पहले चरण में लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया तथा द्वितीय चरण में बज़र दौर से जुड़ी संबंधित परीक्षा का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों को बज़र दबाकर उत्तर देना था।
इस परीक्षा में शहर के अनुमंडल दंडाधिकारी लिंगराज सिदार, इंटेक के कोरिया अध्याय तथा श्री राम एजुकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश चंद्र सिंह, डॉक्टर विनोद पांडे, अशोक जायसवाल, सतीश उपाध्याय,दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह एवं दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कोरिया अध्याय के अध्यक्ष रमेश चंद्र सिंह ने ने कहा कि इंटेक परीक्षा विद्यार्थियों को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति को सहेजने और आगे बढ़ाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. तिवारी द्वारा कार्यक्रम की सफलता के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया गया और विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दी गईं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ एवम् परीक्षाएं न केवल ज्ञानवर्धक होती हैं बल्कि बच्चों में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना भी उत्पन्न करती हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी द्वारा यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल के छात्र- छात्राओं को विजयी घोषित किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन से विद्यार्थियों में सांस्कृतिक विरासत के प्रति उत्साह और जागरूकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिका जुल्फीज़ अख़्तर द्वारा किया गया।
विज्ञापन