Advertisment

8th June 2026

BREAKING NEWS

जागृति महिला समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन संपन्न

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने साइकिल चलाकर दिया स्वस्थ जीवन का संदेश, हजारों कदमों के साथ गूंजा फिट इंडिया का संकल्प

निकाय कर्मचारियों की बैठक संपन्न, अनिश्चितकालीन हड़ताल की रणनीति पर हुई चर्चा

जंगलों की मुस्कान और अनाथ बच्चों की दुआओं के बीच मना जनसेवक का जन्मोत्सव

योगधारा शिविर का भव्य समापन, चिकित्सा विशेषज्ञों एवं सहयोगकर्ताओं का हुआ सम्मान

विश्व पर्यावरण दिवस पर : जागृति महिला समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन संपन्न

Praveen Nishee Mon, Jun 8, 2026

मनेंद्रगढ़। एमसीबी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जागृति महिला समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय विद्यालय, झगराखंड में आयोजित जन-जागरूकता रैली से हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हसदेव क्षेत्र के महाप्रबंधक मनोज बिश्नोई द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। समिति की अध्यक्षा डॉ. सरोज बाला बिश्नोई के नेतृत्व में समिति की सदस्याओं ने विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ रैली में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक बनने की प्रेरणा दी गई।

रैली के उपरांत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें समिति की सदस्याओं एवं विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान अधिकाधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।

इसके पश्चात समिति की सदस्याएँ जी.एम. ऑफिस, हसदेव पहुँचीं, जहाँ आर.के. वी.वी. स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रस्तुत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का अवलोकन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जागृति महिला समिति ने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इस दिशा में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इन कार्यक्रमों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक एवं प्रेरणादायी संदेश दिया। विश्व पर्यावरण दिवस पर केंद्रीय विद्यालय, लेदरी में जागरूकता रैली एवं नाटक मंचन कार्यक्रम का आयोजन विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल, बिलासपुर के मार्गदर्शन में जागृति महिला समिति, हसदेव क्षेत्र द्वारा केंद्रीय विद्यालय, लेदरी के विद्यार्थियों के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता हेतु एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जागृति महिला समिति, हसदेव क्षेत्र इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा समिति की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। विद्यालय प्रांगण मे पौधा रोपण कर उनके संवर्धन एवं संरक्षण का दायित्व विद्यालय के प्राचार्य को दिया विद्यार्थियों के माध्यम से सुनिश्चित करने हेतु दिया गया ।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण जागरूकता से जुड़े प्रभावशाली नारों का उद्घोष करते हुए पूरे लेदरी क्षेत्र को पर्यावरण संरक्षण के संदेश से गुंजायमान कर दिया। प्रमुख नारे थे—

• पर्यावरण की दुश्मन तीन — पन्नी, पाउच, पॉलीथीन।

• एक ही सपना, एक ही नारा — स्वच्छ बने यह देश हमारा।

• आओ मिलकर शपथ उठाएं — पर्यावरण को स्वच्छ बनाएं।

• हरियाली अपनाओ _खुशहाली लाओ।

इसके साथ ही क्षेत्रीय मुख्यालय, लेदारी मे केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर कविता पाठ प्रस्तुत किया गया। वहीं आर.के.वी.वी. स्कूल, कपिलधारा के विद्यार्थियों ने पर्यावरण एवं वृक्षों के संरक्षण पर आधारित एक प्रेरणादायक नाटक का मंचन कर उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया। बच्चों के उत्साहवर्धन हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पारितोषिक वितरित किए गए।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक हसदेव मनोज बिश्नोई एवं अध्यक्षा जागृति महिला समिति डॉ. बिश्नोई ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने बढ़ते प्रदूषण एवं बिगड़ते पर्यावरण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “पर्यावरण हमें विरासत में नहीं मिला है, बल्कि यह हमें आने वाली पीढ़ियों से उधार में प्राप्त हुआ है। इसलिए इसका संरक्षण करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।”

रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।

कार्यक्रम में जागृति महिला समिति, हसदेव क्षेत्र की अध्यक्षा डॉ. श्रीमती सरोज बाला बिश्नोई, श्रीमती रंजीता कुमार, श्रीमती पूनम रानी, श्रीमती रूपा दत्ता, श्रीमती सुष्मिता मिश्रा, श्रीमती तृप्ति पाण्डेय, श्रीमती माला तिवारी, श्रीमती स्मिता प्रधान, श्रीमती रिचा, श्रीमती स्नेह नामदेव, श्रीमती सुमन झाकर की सहभागिता सराहनीय रही।

विज्ञापन

जरूरी खबरें