प्रभु यीशु के सेवा से जुड़े सच्चे संदेश का जीवंत प्रतिबिंब : जॉय ऑफ गिविंग' कार्यक्रम,यह केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक महान सीख है- श्रीमती पूनम सिंह
Praveen Nishee Thu, Dec 25, 2025
मनेंद्रगढ़ । एमसीबी। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़' में क्रिसमस के पावन अवसर पर 'जॉय ऑफ गिविंग' कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। छात्रों, शिक्षकों और विद्यालय प्राचार्य के नेतृत्व में इस कार्यक्रम में दान-पुण्य की भावना को बढ़ावा दिया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र- छात्राओं द्वारा खिलौने, किताबें, कपड़े और खाद्य सामग्री का संग्रह कर मनेंद्रगढ़ स्थित वार्ड क्रमांक- 17 , संजय वॉर्ड में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अटल निवास स्थित जरूरतमंद परिवारों को वितरित किया गया।
इस विशेष अवसर पर प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जॉय ऑफ गिविंग'—यह केवल एक गतिविधि नहीं, अपितु हृदय की उदारता का दिव्य संकल्प है। क्रिसमस की पावन बेला में हमने देखा कि किस प्रकार हमारे छात्र- छात्राओं ने अपने घरों से लाए दान-सामग्री को प्रेमपूर्ण करों द्वारा जरूरतमंदों तक पहुँचाया। यह दृश्य मानो प्रभु यीशु के सेवा से जुड़े सच्चे संदेश का जीवंत प्रतिबिंब था। हमारा विद्यालय सदैव सेवा-भाव को प्रोत्साहित करेगा, ताकि आप जीवन में उदार एवम् सेवाभाव से भरे दृढ़संकल्पित हृदय लिए आगे बढ़ें।
विद्यालय की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने इस विशेष आयोजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का यह अवसर अत्यंत विशेष है, क्योंकि आज हम सभी यहाँ 'जॉय ऑफ गिविंग' अर्थात देने के आनंद को अनुभव करने के लिए एकत्रित हुए हैं। यह केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक महान सीख है।
हमारे विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना भी है। ' जॉय ऑफ गिविंग' जैसी गतिविधियाँ हमारे विद्यार्थियों को यह सिखाती हैं कि सच्ची खुशी पाने का सबसे सुंदर मार्ग दूसरों की मदद करना है।
जब हम अपनी किताबें, कपड़े, खिलौने या समय किसी ज़रूरतमंद के साथ साझा करते हैं, तो हम केवल वस्तुएँ नहीं देते अपितु उम्मीद, मुस्कान और आत्मविश्वास भी देते हैं। यही मूल्य हमारे विद्यार्थियों को एक अच्छा विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान बनाते हैं।
इस आयोजन से दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल ने सामाजिक जिम्मेदारी का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया, जिससे छात्रों में सेवा भाव जागृत हुआ जिससे अनेक परिवारों को लाभ पहुंचा, विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों का भी हार्दिक आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस आयोजन को सफ़ल बनाने में महत्वपूर्ण एवम् सक्रिय भूमिका निभाई।

विज्ञापन