एमसीबी में महिलाओं के हाथों में प्रशासनिक बागडोर : नारी शक्ति का नेतृत्व: जिले में 22 महिलाएं निभा रहीं प्रशासन और जनप्रतिनिधित्व की अहम जिम्मेदारी
Praveen Nishee Fri, Mar 6, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। समाज में महिलाओं की भूमिका लगातार बदल रही है। आज महिलाएं केवल घर की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रशासन, राजनीति, शिक्षा और विकास के हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। नवीन जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) इस परिवर्तन का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है, जहां नारी शक्ति प्रशासनिक नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
जिले में वर्तमान में 16 महिला प्रशासनिक अधिकारी और 6 निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि शीर्ष पदों पर कार्यरत हैं। ये महिलाएं अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ करते हुए जिले के प्रशासनिक और विकासात्मक कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। यह स्थिति न केवल महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाती है, बल्कि समाज में उनके प्रति बदलती सोच का भी प्रतीक है। आज की महिला आत्मविश्वास, क्षमता और नेतृत्व कौशल के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। प्रशासनिक निर्णयों से लेकर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तक, महिलाएं अपनी दक्षता और संवेदनशीलता के साथ महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। एमसीबी जिले में महिला नेतृत्व का यह उदाहरण नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा सकता है।
प्रशासनिक नेतृत्व में महिला अधिकारी
जिले में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के हाथों में है, जो अपने नेतृत्व में पुलिस प्रशासन को प्रभावी ढंग से संचालित कर रही हैं। वहीं जिला स्तर पर विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम निभा रही हैं। इसके अतिरिक्त नम्रता आनंद डोंगरे (अपर कलेक्टर),श्रीमती इन्दिरा मिश्रा (डिप्टी कलेक्टर), शशिकला पैकरा (जिला आबकारी अधिकारी), अंकिता मरकाम (सहायक आयुक्त आदिवासी विकास), श्रुति धुर्वे (तहसीलदार मनेंद्रगढ़), उमंग जैन (तहसीलदार), सतरूपा साहू (तहसीलदार केल्हारी), सिद्धि गबेल (तहसीलदार खड़गवां), वैशाली सिंह (सीईओ जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़), अंजना वाइकिल्फ (सीएमओ नगर पंचायत लेदरी), दीपिका मिंज (सीएसपी चिरमिरी), तरशीला टोप्पो (डीएसपी), सुश्री आराधना बनोदे (सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़) तथा विनीता चौरासे (जिला विपणन अधिकारी) जैसे कई महिला अधिकारी अपने-अपने पदों पर प्रभावी ढंग से जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
जनप्रतिनिधित्व में भी महिलाओं की सशक्त भूमिका
प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय शासन व्यवस्था में भी महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। एमसीबी जिले में 6 महिला जनप्रतिनिधि विभिन्न पंचायतों और नगरीय निकायों में नेतृत्व कर रही हैं और जमीनी स्तर पर विकास कार्यों को गति दे रही हैं। इनमें जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, जनपद पंचायत खड़गवां की अध्यक्ष श्याम बाई मरकाम, जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष जानकी बाई कुसरो, नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, नगर पंचायत झगराखंड की अध्यक्ष ललिता यादव तथा रीमा यादव शामिल हैं। ये जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दे रही हैं।
प्रेरणा बन रहा एमसीबी
घरेलू जिम्मेदारियों और सार्वजनिक जीवन के दायित्वों के बीच संतुलन बनाते हुए एमसीबी जिले की महिलाएं विकास और प्रशासन की नई मिसाल कायम कर रही हैं। उनकी सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि यदि अवसर और विश्वास मिले तो महिलाएं किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान कर सकती हैं। एमसीबी जिले में महिला नेतृत्व की यह मजबूत उपस्थिति न केवल नारी सशक्तिकरण का प्रतीक है, बल्कि आने वाली पीढ़ी की बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है। यह संदेश भी देती है कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व अत्यंत आवश्यक है।

विज्ञापन