डी.पी. विप्र महाविद्यालय में : सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन
Praveen Nishee Thu, Dec 11, 2025
बिलासपुर । डी.पी. विप्र महाविद्यालय में 7 सी.जी. बटालियन के तत्वावधान में सशस्त्र सेना झंडा दिवस के उपलक्ष्य में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे कर्नल राकेश सिंह बिसेन, उप-प्राचार्य डॉ. एम.एस. तम्बोली तथा 7 सी.जी. बटालियन के सूबेदार गुरविंदर सिंह एवं मुकेश यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद वीर सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि देकर की गई। इसके पश्चात सभागार में एनसीसी कैडेट्स द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं।
कर्नल राकेश सिंह बिसेन ने 35 वर्षों के अपने सैन्य अनुभव, कारगिल युद्ध एवं शांति मिशन के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि सेना का जीवन त्याग, अनुशासन और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी एनसीसी कैडेट रहे हैं और युवाओं में राष्ट्र सेवा की भावना जागृत करने का आह्वान किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने पुलिस सेवा की चुनौतियों, विशेषकर नक्सलवाद के संदर्भ में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युवा पीढ़ी से देशहित में जागरूक, सतर्क तथा उत्तरदायी नागरिक बनने की आवश्यकता पर जोर दिया।
डॉ. एम.एस. तम्बोली ने अपने उद्बोधन में कहा कि सशस्त्र बलों के त्याग और साहस को याद करना मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि देश के प्रति कर्तव्य भावना का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रीय गौरव को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
प्राचार्य डॉ. अंजू शुक्ला एवं कर्नल लोकेश देवा ने कैडेट्स के उत्साह, कार्यक्रम की उत्कृष्ट व्यवस्था, तथा एनसीसी टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन कैप्टन डॉ. आशीष शर्मा एनसीसी अधिकारी एवं पार्वती कौशिक के मार्गदर्शन में हुआ तथा मंच संचालन राफ़िया खान एवं अनुष्का शर्मा ने किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में डॉ. मनीष तिवारी, डॉ. विवेक अम्बलकर, डॉ. निधीश चौबे, डॉ. विश्वास विक्टर, डॉ. ऋचा हांडा, प्रो. यूपेश कुमार, प्रो. लोकेश वर्मा, डॉ ज्योति तिवारी सहित सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कैडेट्स और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

विज्ञापन