दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल CBSE कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम, शत-प्रतिशत : समर्पण और सकारात्मक दृष्टिकोण से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता - पूनम सिंह
Praveen Nishee Thu, May 14, 2026

मनेन्द्रगढ़। एमसीबी। ज्ञान, अनुशासन एवं सतत परिश्रम की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए Delhi World Public School ने इस वर्ष केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। विद्यालय का विज्ञान, वाणिज्य एवं कला — तीनों संकायों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे सम्पूर्ण विद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण व्याप्त है।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सिद्ध कर दिया कि दृढ़ संकल्प, नियमित अध्ययन एवं शिक्षकों के स्नेहमयी मार्गदर्शन से सफलता की हर ऊँचाई प्राप्त की जा सकती है। कक्षा 12वीं की छात्रा समृद्धि अग्रवाल ने अर्थशास्त्र में 98 अंक एवं कुल 94 प्रतिशत प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया।
इसी क्रम में अन्नपूर्णा गुप्ता ने 89 प्रतिशत, अपूर्व कृष्ण दुबे ने 88 प्रतिशत, आदि अंश लाल ने 76 प्रतिशत तथा विधि मिंज ने 71 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा संजना साहिश ने कला विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि अर्जित की। अपूर्व कुमार दुबे ने गणित में 98 अंक तथा आदि अंश लाल ने भौतिकी में 98 अंक प्राप्त कर विद्यालय परिसर को गौरवान्वित किया।
परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर उल्लास, उत्साह और गर्व के भावों से गूंज उठा। यह सफलता केवल परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की वर्षों की साधना, शिक्षकों की निष्ठा एवं अभिभावकों के सहयोग का सजीव प्रतिफल है।
विद्यालय की निदेशिका पूनम सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा—“सफलता केवल अंकों की प्राप्ति नहीं होती, बल्कि वह अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास की वह यात्रा है, जो व्यक्तित्व को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाती है। हमारे विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट परिणाम से यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण और सकारात्मक दृष्टिकोण से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता।”उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय सदैव शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, संस्कारों एवं व्यक्तित्व विकास को भी समान महत्व देता आया है, यही कारण है कि यहाँ के विद्यार्थी प्रत्येक क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहे हैं।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी तथा इसे विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण एवं शिक्षकों की कर्मनिष्ठा का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया।
विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी भविष्य में भी सफलता के नए आयाम स्थापित करते हुए राष्ट्र एवं समाज का नाम गौरवान्वित करेंगे। यह ऐतिहासिक परिणाम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा तथा विद्यालय की शैक्षणिक गरिमा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगा।

विज्ञापन