अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर डीपीएस स्कूल में हुआ आयोजन : हास्य योग सेवा समिति के तत्वावधान में “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” थीम पर हुआ कार्यक्रम
Praveen Nishee Sat, Jun 21, 2025
मनेन्द्रगढ़। एमसीबी । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल (DPS) में हास्य योग सेवा समिति के तत्वावधान में ऐतिहासिक और भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “योग संगम”, “हरित योग” तथा “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में नगर के सैकड़ों नागरिकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह योगाभ्यास से हुई, जिसमें हास्य योग सेवा समिति के अध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह कालरा ने सभी प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग तन और मन को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक तनाव को दूर करने का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने योग को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया और लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर संस्थान की डायरेक्टर श्रीमती पूनम सिंह ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य देन है। यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि समग्र जीवन को संतुलित और आनंदपूर्ण बनाने का मार्ग है।
प्राचार्य बसंत तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” का भाव भारतीय जीवन दर्शन का आधार है। जब मनुष्य का तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं, तभी वह समाज और प्रकृति के प्रति सकारात्मक योगदान दे सकता है। उन्होंने योग को मानव कल्याण का मूलमंत्र बताते हुए सभी से इसे अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राकेश अग्रवाल (उपाध्यक्ष), श्रीमती माया अग्रवाल, श्रीमती नीलम कालरा, शुभांकर चक्रवर्ती, राजेंद्र गुप्ता, प्रदीप अग्रवाल, जुगल किशोर केसरवानी, मोहन अग्रवाल, नेकी गुप्ता, साक्षी गुप्ता, शुभांगी चक्रवर्ती सहित हास्य योग सेवा समिति के अन्य पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक व अभिभावक उपस्थित रहे।
योगाभ्यास सत्र में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम जैसे आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। साथ ही योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर स्कूल प्रबंधन की ओर से हास्य योग सेवा समिति के पदाधिकारियों के प्रति आभार प्रकट किया गया। आयोजन के दौरान पूरा परिसर योगमय वातावरण से सराबोर हो गया और सभी प्रतिभागियों में योग के प्रति नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार हुआ।
विज्ञापन