ज्ञानभारतम पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान पर बैठक संपन्न : पांडुलिपियों के संरक्षण व डिजिटलीकरण हेतु की गयी समीक्षा,पंचायत से महाविद्यालय स्तर तक सर्वेक्षण का खाका तैयार
Praveen Nishee Tue, Apr 7, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में जिले में “ज्ञानभारतम पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान” को गति देने के लिए कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने की।
बैठक में जिले में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण, दस्तावेजीकरण एवं डिजिटलीकरण को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि धार्मिक स्थलों, निजी संग्रहों, शैक्षणिक संस्थानों एवं पुस्तकालयों में संरक्षित पाण्डुलिपियों का सुनियोजित सर्वेक्षण कर उनका डेटा संकलित किया जाए। नोडल अधिकारी डॉ. विनोद पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सचिवों को मोबाइल एप के माध्यम से पंजीयन, चिन्हांकन एवं सर्वेक्षण कार्य सौंपा गया है। वहीं नगरीय क्षेत्रों में यह जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रमुखों के माध्यम से निभाई जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जिले के महाविद्यालयों में इतिहास विभाग के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मनेन्द्रगढ़ के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के इतिहास व्याख्याताओं को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पुराने पुरोहितों, मंदिरों, ट्रस्टों, राजपरिवारों एवं जनजातीय समाज के प्रमुखों से संपर्क स्थापित कर उनके पास उपलब्ध पाण्डुलिपियों का चिन्हांकन एवं मोबाइल एप में पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पाण्डुलिपियां हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को समय-सीमा में पूर्ण करने एवं जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन