एसईसीएल अंतर-क्षेत्रीय नारी शक्ति खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ : अध्यक्ष श्रद्धा महिला मंडल श्रीमती शशि दुहन के मुख्य आतिथ्य में हसदेव एरिया में चल रहा है खेल महोत्सव
Praveen Nishee Sun, Dec 21, 2025

मनेंद्रगढ़। एमसीबी। एसईसीएल हसदेव क्षेत्र में अंतर-क्षेत्रीय नारी शक्ति खेल महोत्सव 2025–26 का भव्य शुभारंभ दिनांक 20 दिसंबर 2025 को सद्भावना खेल परिसर, क्षेत्रीय मुख्यालय, एसईसीएल हसदेव क्षेत्र में हुआ। यह महोत्सव श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शशि दुहन तथा महिला मंडल की उपाध्यक्षगण श्रीमती अनीथा फ्रैंकलिन, श्रीमती इप्सिता दास, श्रीमती हसीना कुमार, श्रीमती विनीता जैन एवं श्रीमती शुभश्री महापात्रा के, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह का आयोजन सद्भावना खेल परिसर, क्षेत्रीय मुख्यालय, एसईसीएल हसदेव क्षेत्र में किया गया, जहाँ मुख्य अतिथि के रूप में श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने खेल महोत्सव का दीप प्रज्वलन, ध्वजारोहण, कोल इंडिया गीत एवं मशाल प्रज्वलन कर विधिवत उद्घाटन किया। यह अंतर-क्षेत्रीय महोत्सव दिनांक 20.12.2025 से 21.12.2025 तक आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह के अवसर पर महिला मंडल की उपाध्यक्षगण श्रीमती अनीथा फ्रैंकलिन, श्रीमती इप्सिता दास, श्रीमती हसीना कुमार, श्रीमती विनीता जैन एवं श्रीमती शुभश्री महापात्रा, विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकगण, महिला समितियों की अध्यक्षाएँ, हसदेव क्षेत्र के सभी विभागाध्यक्ष, स्टाफ अधिकारी, मानव संसाधन विभाग की टीम, जागृति महिला समिति के सदस्यगण एवं एसईसीएल के 13 क्षेत्रों तथा 03 इकाइयों से लगभग 325 महिला प्रतिभागी उपस्थित रहे।
महोत्सव के अंतर्गत बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, 50 मीटर दौड़, 50 मीटर रिले रेस, फ्लाइंग डिस्क एवं विविध फन गेम्स जैसे मटका बैलेंस रेस, वन लेग रेस, जलेबी रेस एवं पिक एंड रन
रेस का आयोजन किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह के ठीक बाद उपरोक्त सभी खेलों का आरंभ हुआ, जिसमें प्रतिभागी महिलाओं ने खेल भावना, अनुशासन एवं टीम स्पिरिट का उत्कृष्ट परिचय दिया।
महोत्सव का समापन दिनांक 21.12.2025 को एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा।
उद्घाटन समारोह में अपने संबोधन में श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, आत्मविश्वास एवं सामूहिक ऊर्जा का उत्सव है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि गृहिणियाँ पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन में अपने लिए समय नहीं निकाल पातीं, ऐसे में यह महोत्सव उन्हें खेल के माध्यम से स्वयं को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी टीमों को शुभकामनाएँ देते हुए आयोजन की सफलता की कामना की।
कार्यक्रम के आरंभ में जागृति महिला समिति की अध्यक्ष डॉ. सरोज बाला श्याग बिश्नोई ने कंपनी मुख्यालय बिलासपुर से पधारी श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शशि दुहन तथा महिला मंडल की उपाध्यक्षगण का पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया तथा आयोजन को संपन्न करने हेतु उनके द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस आयोजन को महिलाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
यह महोत्सव श्रद्धा महिला मंडल के तत्वावधान में एसईसीएल के मानव संसाधन विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन नितिन गुप्ता एवं श्रीमती तृप्ति पांडेय द्वारा किया गया।

विज्ञापन