दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ : शिक्षक केवल ज्ञान का स्रोत नहीं होते, बल्कि वे हमारे चरित्र, विचार और भविष्य का निर्माण करते हैं-डॉ.बसंत कुमार तिवारी
Praveen Nishee Sun, Sep 7, 2025
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ में शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालयी छात्र परिषद के सदस्यों द्वारा किया गया था। इस अवसर पर छात्र- छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार प्रकट करते हुए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी सहित सभी सम्मानित शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की छायाचित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यालय के छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। मंच पर रंगारंग प्रस्तुतियों में नृत्य, गीत, कविता पाठ और नाटिका शामिल थीं, जिनमें छात्रों ने शिक्षकों के महत्व और उनके मार्गदर्शन को सुंदर ढंग से अभिव्यक्त किया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. तिवारी ने इस अवसर पर सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि,शिक्षक केवल ज्ञान का स्रोत नहीं होते, बल्कि वे हमारे चरित्र, विचार और भविष्य का निर्माण करते हैं। वे हमें न केवल पढ़ाते हैं, बल्कि सही और गलत में अंतर समझाते हैं, कठिनाइयों से लड़ना सिखाते हैं और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के हमारे सभी शिक्षक हमारे जीवन के प्रकाशस्तंभ हैं। यहाँ के शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि हमें एक अच्छा इंसान बनने का मार्ग भी दिखाते हैं, आप सबकी मेहनत और समर्पण से ही यह विद्यालय नई ऊँचाइयों को छू रहा है। संस्था की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक शिक्षक का कार्य केवल आपको पाठ्यक्रम की बातें सिखाना नहीं है, बल्कि जीवन जीने की कला, अनुशासन और मूल्यों का महत्व भी सिखाना है। हमारे विद्यालय के शिक्षक इस बात का ध्यान रखते हैं कि यहाँ आने वाला हर बच्चा न केवल विद्वान बने, बल्कि एक सदाचारी, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक के रूप में विकसित हो।दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ के शिक्षक निस्वार्थ भाव से कार्य करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान दे रहे हैं। चाहे वह शैक्षणिक गतिविधियाँ हों, खेल-कूद हों या सांस्कृतिक कार्यक्रम – हमारे शिक्षक सदैव अग्रणी रहते हैं और अपने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हैं।इस अवसर पर मैं हमारे सभी शिक्षकों को तहेदिल से धन्यवाद देना चाहती हूँ।आपके समर्पण, आपकी मेहनत और आपके धैर्य के बिना यह विद्यालय आज इस मुकाम पर नहीं होता। आप सभी का योगदान अमूल्य है।
कार्यक्रम में छात्रों द्वारा शिक्षकों के लिए खेल-कूद और मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरे विद्यालय में उत्साह का वातावरण रहा। अंत में छात्रों ने अपने शिक्षकों को उपहार और शुभकामनाएं देकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
छात्रों द्वारा आयोजित इस अविस्मरणीय कार्यक्रम के पश्चात संस्था के निदेशकों द्वारा भी शिक्षकों के लिए रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनमें विभिन्न खेल, प्रश्नोत्तरी, गीत तथा नृत्य इत्यादि कार्यक्रम उल्लेखनीय रहे तत्पश्चात् संस्था द्वारा सभी शिक्षकाें के सम्मान में सामूहिक भोज का भी प्रबंध किया गया था भोजन के पश्चात निदेशिका श्रीमति पूनम सिंह ने सभी शिक्षकगणों को आभार स्वरूप उपहार भी प्रदान किया।समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी शिक्षकों को उनके अमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद दिया और इस दिन को अविस्मरणीय बनाने का संकल्प लिया।
विज्ञापन