दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में रिमझिम वर्षा के मध्य : जोश और उत्साह से कराया गया विद्यालयी छात्र परिषद का चुनाव
Praveen Nishee Wed, Jul 16, 2025
मनेंद्रगढ़। एमसीबी । दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में रिमझिम वर्षा के मध्य जोश और उत्साह से कराया गया विद्यालयी छात्र परिषद का चुनावसम्पन्न हुआ।
छात्र परिषद की नियुक्ति का मुख्य उद्देश्य छात्रों को विद्यालय की गतिविधियों और सेवा परियोजनाओं के संचालन तथा आयोजन के माध्यम से नेतृत्व क्षमता को विकसित करने हेतु मंच प्रदान करना है । विद्यालयीन भावना और छात्र कल्याण में योगदान देने के अतिरिक्त छात्र परिषद छात्र समुदाय की आवाज भी होते हैं वे छात्रों के विचारों रुचियों और समस्याओं को विद्यालय के साथ साझा करने में मदद करते हैं।
छात्र परिषद चुनाव के प्रारंभिक चरण में नामांकित उम्मीदवारों को तीन मिनट का भाषण देकर यह बताने के लिए कहा गया कि उन्हें आवंटित पदों के लिए क्यों चुना जाना चाहिए, दूसरे चरण में विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं सहित कक्षा दूसरी से बारहवीं तक की छात्र-छात्राओं ने मतदान किया।
विद्यालय के कुल 28 छात्र छात्राओं ने वरिष्ठ प्रधान छात्र, वरिष्ठ प्रधान छात्रा, उप प्रधान छात्र, उप प्रधान छात्रा,वरिष्ठ खेल कप्तान,उप खेल कप्तान,अनुशासन प्रमुख, उप अनुशासन प्रमुख, वरिष्ठ सांस्कृतिक प्रमुख, उप सांस्कृतिक प्रमुख, वरिष्ठ सूचना प्रौद्योगिकी तथा संचार प्रमुख, उप सूचना प्रौद्योगिकी तथा संचार प्रमुख आदि पदों के लिए नामांकन दाखिल किए थे।
दूसरे दौर में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में प्राचार्य डॉक्टर बसंत कुमार तिवारी, प्रशासनिक प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह की अध्यक्षता वाली शीर्ष समिति ने उम्मीदवारों का चयन दिए गए मतों के आधार पर किया।सभी 28 पदों के परिणाम 17 जुलाई को घोषित किए जाएंगे।
विद्यालय के प्राचार्य एवं मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष डॉ बसंत कुमार तिवारी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि चयनित छात्र संगठित होकर मेहनत से काम करने का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं साथ ही सकारात्मक शिक्षण वातावरण बनाने में योगदान करते हैं वे छात्र निकाय के हितों और आवश्यकताओं का प्रतिनिधित्व करने के साथ छात्र समुदाय के लिए प्रेरणास्रोत बनने की प्रतिबद्धता लेते हैं, जब छात्र चुनाव में भाग लेते हैं चाहे भी उम्मीदवार के रूप में हो या मतदाता के रूप में तो वह जिम्मेदारी, ईमानदारी और पारदर्शिता जैसे मूल्यों को समझते हैं,उन्हें यह अनुभव होता है कि हर मत का महत्व होता है और यह की नेतृत्व का अर्थ केवल पद नहीं बल्कि सेवा और उत्तरदायित्व होता है, यह न केवल नेतृत्व गुणों को निखारता है बल्कि छात्रों में लोकतांत्रिक मूल्यों की नींव भी मजबूत करता है।
संस्था के निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए बच्चों को संबोधित किया और कहा कि विद्यालयीन चुनावों से छात्रों को नेतृत्व करना टीम के साथ कार्य करना और समस्याओं का समाधान निकालना भी सीखने को मिलता है और वे जान पाते हैं कि अच्छा नेता वह होता है जो सबकी सुनता है, सब के विचारों का सम्मान करता है और सभी के हित में निर्णय लेता है। छात्रों को चुनाव में भागीदारी से लोकतंत्र की प्रक्रिया को नजदीक से समझने का मौका मिलता है जो उन्हें भविष्य में एक जागरूक नागरिक बनने की ओर प्रेरित करता है।
शांतिपूर्ण मतदान के पश्चात् आगामी परिणामों की जिज्ञासा के साथ सभी विद्यार्थियों ने अपने प्रिय उम्मीदवारों की विजय कामना की तथा राष्ट्रगान के साथ आज के चुनावी दिवस की समाप्ति हुई।
विज्ञापन