दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की नशामुक्त समाज के लिए अनूठी पहल : 5 किलोमीटर ‘DWPS Mini Marathon – Run for No Drugs’ में 200 विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
Praveen Nishee Sat, Nov 21, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ द्वारा ‘DWPS Mini Marathon – Run for No Drugs’ का भव्य आयोजन किया गया। 5 किलोमीटर की इस मिनी मैराथन में कक्षा पाँचवीं से बारहवीं तक के लगभग 200 विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, उमंग और जोश के साथ सहभागिता की।
‘नशे को ना, जीवन को हाँ’ के संदेश के साथ आयोजित इस मैराथन का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक सुदृढ़ता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं खेल भावना विकसित करने के साथ-साथ युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था। विद्यार्थियों ने दौड़ के माध्यम से समाज को नशामुक्त एवं स्वस्थ भविष्य का सकारात्मक संदेश दिया।
उत्साह, उमंग और संकल्प के साथ नगर के प्रमुख मार्गों पर दौड़े विद्यार्थी
मैराथन का शुभारंभ दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल परिसर से हुआ। निर्धारित मार्ग के अंतर्गत प्रतिभागियों ने साईं तिराहा, भगत सिंह चौक, पीडब्ल्यूडी तिराहा एवं विशाल मेगा मार्ट होते हुए पुनः विद्यालय पहुँचकर अपनी दौड़ पूरी की। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते विद्यार्थियों के उत्साह और ऊर्जा ने वातावरण को खेलमय बना दिया।
इंटर हाउस मिनी मैराथन में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम
विद्यालय की इंटर हाउस प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, गति और धैर्य का शानदार प्रदर्शन किया।
बालक वर्ग में दिव्यांश यादव (कक्षा XI, टैगोर सदन) ने 09:53 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि भूपेंद्र (कक्षा XII, टैगोर सदन) 09:55 मिनट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। अन्य शीर्ष दस प्रतिभागियों में शाद अली, आयुष सिंह, आरव जैन, समर्थ, दीपक, दीपांशु पाल, बी. लक्ष्य एवं कृष्णा प्रताप सिंह शामिल रहे।
बालिका वर्ग में सोवी (कक्षा V, एडिसन सदन) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भाव्या खोडियार (कक्षा VI, एडिसन सदन) दूसरे तथा अदिति सोनवानी (कक्षा V, आर्यभट्ट सदन) तीसरे स्थान पर रहीं। अन्य शीर्ष दस प्रतिभागियों में त्रिवेणी पैकरा, माहरीन खान, दिव्यांशिका यादव, अक्षिता अग्रवाल, श्राव्या साहू, त्रिशा एवं नित्या गुप्ता शामिल रहीं।
सुरक्षित आयोजन में पुलिस प्रशासन एवं चिकित्सा दल की अहम भूमिका
आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने में स्थानीय पुलिस प्रशासन तथा चिकित्सा दल का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। विद्यार्थियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की गईं। विद्यालय परिवार ने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा चिकित्सा दल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
निदेशिका पूनम सिंह ने दिया स्वस्थ समाज का संदेश
विद्यालय की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने कहा कि बच्चों को नशे से दूर रखकर खेल एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना ही स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्राचार्य अश्विनी वर्मा ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
प्राचार्य अश्विनी वर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति विकसित करते हैं। मैराथन में भाग लेने वाला प्रत्येक विद्यार्थी अपने आप में विजेता है और नशामुक्त जीवन का संकल्प आज की आवश्यकता है।
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ की यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सामाजिक चेतना के विस्तार की दिशा में एक सराहनीय कदम रही। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, पुलिस प्रशासन, चिकित्सा दल एवं आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
दौड़ केवल मंजिल तक पहुँचने के लिए नहीं होती, कुछ दौड़ें समाज की सोच बदलने और एक बेहतर भविष्य बनाने के लिए भी लगाई जाती हैं।

विज्ञापन