Advertisment

22nd November 2026

BREAKING NEWS

मातृशक्ति राष्ट्र निर्माण की सशक्त आधारशिला- जिलाधीश संतन देवी जांगड़े

5 किलोमीटर ‘DWPS Mini Marathon – Run for No Drugs’ में 200 विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा

यहां गुनाह हवा के छिपाये जाते हैँ..... चिराग खुद नहीं बुझते, बुझाये जाते हैं....

राष्ट्र सेवा,स्वच्छता एवं भाईचारे के साथ काम करे - रामनरेश राय

जनजातीय वीरों का त्याग और बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा, उनके योगदान को सदैव मिलेगा सम्मान: रेणुका सिंह

सरस्वती शिशु मंदिर में मातृगोष्ठी का आयोजन : मातृशक्ति राष्ट्र निर्माण की सशक्त आधारशिला- जिलाधीश संतन देवी जांगड़े

Praveen Nishee Sat, Nov 21, 2026

मनेंद्रगढ़। एमसीबी। सरस्वती शिशु मंदिर मनेंद्रगढ़ में मातृगोष्ठी का आयोजन हर्षोल्लास, आत्मीयता एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में एमसीबी जिले की जिलाधीश सुश्री संतन देवी जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, जनपद अध्यक्ष श्रीमती जानकी बाई कुसरो, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव एवं विद्यालय के व्यवस्थापक दिनेश्वर मिश्र विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष महेंद्र जैन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

इस अवसर पर शिक्षा समिति के पदाधिकारी पदमचंद अग्रवाल, सह व्यवस्थापक पुरुषोत्तम गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य उजित नारायण सिंह, सरजू यादव एवं रामचरित द्विवेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मातृगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य माताओं एवं विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के संस्कार, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव ने मातृत्व, संस्कार एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास पर प्रेरणादायी विचार साझा किए। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह ने मातृशक्ति को समाज की सच्ची दिशा और संस्कारों का आधार बताया। वहीं जिलाधीश सुश्री संतन देवी जांगड़े ने मातृशक्ति को राष्ट्र निर्माण की सशक्त आधारशिला बताते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य में माताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

विद्यालय के व्यवस्थापक दिनेश्वर मिश्र ने मां को बच्चे का प्रथम गुरु बताते हुए माताओं से अपने बच्चों की शिक्षा, संस्कार एवं गतिविधियों के प्रति सजग रहने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के वात्सल्य, त्याग, प्रेम एवं संस्कारों का भावपूर्ण चित्रण किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित माताओं को भावविभोर कर दिया और कार्यक्रम में आत्मीयता का विशेष वातावरण निर्मित किया।

गोष्ठी के दौरान बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कारयुक्त वातावरण, पारिवारिक मूल्यों तथा विद्यालय एवं माताओं के बीच बेहतर तालमेल के महत्व पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया। माताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार शुक्ला ने अपने उद्बोधन में भावपूर्ण शब्दों में कहा कि मातृगोष्ठी की सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब प्रत्येक बच्चा मां के आंचल की स्नेहिल छाया से निकलकर जीवन में उच्च पदों एवं महान उपलब्धियों को प्राप्त करे और विद्यालय, माता-पिता तथा समाज का गौरव बने। उन्होंने कहा कि बच्चों को संस्कारवान, जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनाना ही इस आयोजन का वास्तविक उद्देश्य है।

अंत में प्राचार्य ने सभी अतिथियों एवं मातृशक्ति के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में माताओं की निरंतर सहभागिता की अपेक्षा जताई। विद्यालय के ध्येय एवं संकल्पों को पूर्ण निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने का विश्वास व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।

विज्ञापन

जरूरी खबरें