सात समंदर पार से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंची दीपावली की खुशियां : अप्रवासी भारतीय चंद्रकांत पटेल की अनूठी पहल, छात्राएं घर-घर जाकर बांट रहीं उपहार
Praveen Nishee Thu, Oct 29, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। दीपावली खुशियों, रोशनी और आपसी प्रेम का पर्व है। इसी भावना को साकार करते हुए अमेरिका में रहने वाले अप्रवासी भारतीय चंद्रकांत पटेल अपनी जन्मभूमि चिरमिरी क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशियों का दीप जला रहे हैं। उनकी पहल पर दूरस्थ एवं पहुंचविहीन ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को दीपावली के उपहार वितरित किए जा रहे हैं।
चंद्रकांत पटेल द्वारा संचालित के.बी. पटेल कॉलेज की छात्राएं इस सेवा अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। छात्राएं दुर्गम ग्रामीण इलाकों में पैदल पहुंचकर विशेष रूप से पंडो जनजाति के परिवारों के घर-घर जा रही हैं और उन्हें दीपावली का उपहार भेंट कर रही हैं।
दीपावली की सामग्री से सजेगा हर घर
उपहार हैम्पर में मिठाई, पटाखे, दीपक, तेल, बाती, लाई, बताशे, रंगोली सहित त्योहार से जुड़ी विभिन्न सामग्रियां शामिल हैं। छात्राएं केवल उपहार वितरित ही नहीं कर रहीं, बल्कि प्रत्येक घर के द्वार पर आम के पत्तों से बना तोरण लगाकर और अपने हाथों से रंगोली सजाकर दीपावली की खुशियां भी बांट रही हैं।
सात समंदर पार, अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव
अमेरिका में रहने के बावजूद चंद्रकांत पटेल का अपनी जन्मभूमि और यहां के लोगों से जुड़ाव इस पहल के माध्यम से दिखाई दे रहा है। उनका उद्देश्य महज उपहार बांटना नहीं, बल्कि उन परिवारों तक त्योहार की खुशियां पहुंचाना है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण दीपावली का पर्व बेहतर ढंग से नहीं मना पाते।
के.बी. पटेल कॉलेज के प्रबंधक विश्वजीत बारीक का कहना है कि इस छोटी-सी पहल से जरूरतमंद परिवारों के घरों में दीपावली की रोशनी पहुंचेगी और उनके चेहरों पर मुस्कान आएगी।
इस सेवा अभियान से जुड़कर छात्राएं भी उत्साहित हैं। वहीं, ग्रामीण परिवार इस संवेदनशील पहल की सराहना कर रहे हैं। यह प्रयास समाज में सेवा, संवेदना और मानवीय सहयोग की भावना को मजबूत करने के साथ ही दीपावली के वास्तविक संदेश को भी साकार कर रहा है।

विज्ञापन