साइबर ठगी, सावधान, होशियार हो जाए : WhatsApp के जरिए 80 लाख की साइबर ठगी, कंपनी निदेशक की पहचान का दुरुपयोग…
Praveen Nishee Sun, Oct 25, 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में WhatsApp के जरिए 80 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने Rathi Bandhus Commercial Pvt. Ltd. के निदेशक विजय राठी के नाम और प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग कर कंपनी के अकाउंटेंट लेखराम चक्रधारी को भुगतान संबंधी संदेश भेजे। इन संदेशों पर भरोसा कर कंपनी के बैंक खाते से अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई। मामले में टिकरापारा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:23 बजे अज्ञात मोबाइल नंबर से WhatsApp संदेश भेजकर कंपनी के बैंक खाते की जानकारी मांगी गई और भुगतान के निर्देश दिए गए। इसके बाद बैंक ऑफ इंडिया में M I CLOTHING के नाम से दर्ज खाते में कंपनी के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खाते से RTGS के जरिए 80 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए गए। बताया गया है कि 21 अक्टूबर को इसी तरह The Federal Bank में S S GOLD के नाम से दर्ज खाते में 13 लाख रुपए भेजने का एक और संदेश आया। कंपनी ने यह रकम भी ट्रांसफर कर दी, लेकिन बैंक से संपर्क करने और आवश्यक कार्रवाई के बाद 13 लाख रुपए का लेन-देन रिवर्स हो गया और राशि कंपनी के खाते में वापस आ गई।
इस मामले में साइबर ठगों द्वारा कंपनी के निदेशक की पहचान और फोटो का इस्तेमाल कर कर्मचारी को गुमराह करने का आरोप है। घटना ने कारोबारी संस्थानों में डिजिटल भुगतान की सुरक्षा और WhatsApp पर मिलने वाले वित्तीय निर्देशों के सत्यापन की जरूरत को फिर उजागर किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर तथा संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।

विज्ञापन