दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल : प्रेम, करुणा, सद्भाव और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़े-अश्वनी वर्मा
Praveen Nishee Fri, Sep 4, 2026
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ 🦚🪈
मनेन्द्रगढ़। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भक्ति, संस्कृति, सृजनात्मकता और बाल-प्रतिभा से सजे इस आयोजन ने विद्यालय परिसर को पूरी तरह कृष्णमय कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र एवं प्रातःकालीन प्रार्थना से हुआ। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन एवं भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। प्री-प्राइमरी के नन्हे विद्यार्थी राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में विद्यालय पहुँचे, जिसने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में नर्सरी के विद्यार्थियों ने Peacock Feather Craft के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं KG-1 के नन्हे कलाकारों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से मंच पर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया। KG-1 एवं KG-2 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटिका ने मनोरंजन के साथ-साथ सुंदर जीवन-संदेश भी दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने ‘गोविंद बोलो, हरि गोपाल बोलो’ भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। कक्षा सातवीं की छात्रा तन्वी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर वक्तव्य प्रस्तुत किया। कक्षा दसवीं की छात्रा सान्वी अग्रहरी ने भावपूर्ण कविता-पाठ किया। इसके बाद कक्षा ग्यारहवीं, नवमी एवं पांचवीं (E) की छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण में उत्साह और ऊर्जा भर दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अश्वनी वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्रीकृष्ण के जीवन से कर्तव्यनिष्ठा, सत्य, धैर्य, विवेक एवं निष्काम कर्म जैसे जीवन-मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेम, करुणा, सद्भाव और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार को जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारतीय पर्व हमारी संस्कृति की जीवंत धरोहर हैं, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, ज्ञान, कर्म, साहस और नेतृत्व का अनुपम संदेश देता है। उन्होंने नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के चेहरों पर दिखाई देने वाली प्रसन्नता ही किसी भी सांस्कृतिक आयोजन की वास्तविक सफलता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा दसवीं के आद्विक आचार्य एवं शैली जायसवाल ने किया।
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ में आयोजित जन्माष्टमी समारोह भक्ति की मधुरता, भारतीय संस्कृति की गरिमा और बाल-मन की निश्छलता का सुंदर संगम बनकर सभी के मन में यादगार छाप छोड़ गया।

विज्ञापन