Advertisment

10th October 2026

BREAKING NEWS

कभी तो अपने अंदर भी कमियां ढूंढिये साहब.... कब तक झाँकते रहोगे दूसरों के गिरेबान में....

चनवारीडांड स्कूल के बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत

टीबी के खिलाफ समय पर जांच, नियमित उपचार और पोषण ही जीत की कुंजी- श्याम बिहारी जायसवाल

हिंद मजदूर सभा के प्रतिनिधि अख्तर जावेद उस्मानी की लगातार पहल के बाद अक्टूबर से LPG फ्यूल अलाउंस की केंद्रीकृत दर लागू

प्रथम SING फोरम 2026 में राज्य को ₹43,250 करोड़ के FDI निवेश की प्रतिबद्धताएं मिलीं

जनदर्शन केवल औपचारिकता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : जनदर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, गंभीर शिकायतों पर कलेक्टर ने दिए जांच और त्वरित निराकरण के निर्देश

Praveen Nishee Tue, Aug 25, 2026

मनेंद्रगढ़। एमसीबी। जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि “जनदर्शन केवल औपचारिकता नहीं है। प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को समय पर न्याय दिलाना सुनिश्चित करें। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और आम जनता के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गंभीर शिकायतों पर जांच के निर्देश

जनदर्शन में मनेन्द्रगढ़ निवासी रमाशंकर गुप्ता ने मुक्तिधाम की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में कथित अनियमितता एवं भ्रष्टाचार की शिकायत की। उन्होंने प्रकरण की ऑर्डर शीट में एक ही तारीख में अलग-अलग आदेश दर्ज होने का उल्लेख करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

मनेन्द्रगढ़ निवासी अरविंद वैश्य ने सोलर सिस्टम से जुड़े मामले में बिलासपुर के वेंडर सोलार विंग्स एवं सोलर एनर्जी सॉल्यूशन के विरुद्ध धोखाधड़ी और राशि हड़पने का आरोप लगाते हुए शिकायत प्रस्तुत की। मामले की जांच के निर्देश दिए गए।

बुंदेली निवासी बंधू सिंह ने शिकायत की कि उन्होंने सहकारी समिति अथवा बैंक से खाद नहीं ली, इसके बावजूद उनके बैंक खाते में खाद से संबंधित ऋण दर्ज है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को प्रकरण की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए।

नागपुर निवासी शिव भजन ने हल्का पटवारी द्वारा भूमि का गलत सीमांकन किए जाने की शिकायत की। उन्होंने मामले की जांच एवं दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच के निर्देश दिए।

ग्राम घुटरा के ग्रामीणों ने विद्युत कर्मचारी सुनील साहू पर बिजली संबंधी समस्याओं का निराकरण नहीं करने और उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार करने की शिकायत की तथा स्थानांतरण की मांग रखी। कलेक्टर ने शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अन्य आवेदनों पर भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जनदर्शन में भलौर ग्राम पंचायत में बिना एनओसी निर्माणाधीन राइस मिल के निर्माण पर रोक लगाने की मांग की गई। वहीं लालपुर निवासी फूल बाई ने अत्यधिक बिजली बिल जारी होने की शिकायत करते हुए सुधार की मांग की।

केल्हारी के शिव प्रताप सिंह, लोहरी के विजय सिंह एवं मोहारी के सुखमन ने वन अधिकार पट्टा दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया, जबकि भलौर निवासी कृष्ण कुमार ने छलपूर्वक बनाए गए पट्टे को निरस्त करने की मांग की।

विकास कार्यों से संबंधित आवेदनों में जिला पंचायत सदस्य खड़गवां ने शासकीय भूमि पर वृक्षारोपण तथा ग्राम पंचायत सैन्दा के मुख्य मार्ग से स्कूल तक 780 मीटर मुरूम सड़क निर्माण की स्वीकृति का आग्रह किया। वहीं बुंदेली सरपंच हेमा ने शासकीय स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की बकाया राशि जारी करने की मांग रखी।

तत्काल निराकरण योग्य मामलों को मौके पर सुलझाने के निर्देश

कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों का निराकरण तत्काल संभव है, उन्हें ऑन-द-स्पॉट निराकृत किया जाए। साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी आवेदकों को भी उपलब्ध कराने कहा, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने सभी विभागों को जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रकरणवार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा निराकरण की रिपोर्ट उच्च स्तर पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन में आने वाला प्रत्येक आवेदन एक नागरिक की उम्मीद और विश्वास से जुड़ा होता है। इसलिए अधिकारी संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक प्रकरण पर कार्रवाई करें और यह सुनिश्चित करें कि पात्र व्यक्ति को शासन की सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर मिले।

विज्ञापन

जरूरी खबरें