Advertisment

8th September 2026

BREAKING NEWS

बारिश भी नहीं रोक सकी जुनून! सतीश द्विवेदी ने पूरी की 600 किमी मानसून चैलेंज राइड

ठेकेदार-ट्रांसपोर्टर गठजोड़, भ्रष्टाचार और भयादोहन के खिलाफ संघर्ष का लिया संकल्प

12 सितम्बर को सभी राजस्व न्यायालयों में लगेगी लोक अदालत, विद्युत बकाया के 101 प्रकरणों का होगा निराकरण

स्कूल शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य के लिए सेवानिवृत शिक्षक सम्मानित

सरस्वती शिशु मंदिर मनेंद्रगढ़ में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस

फिट इंडिया एंड सेव एनवायरमेंट अभियान : बारिश भी नहीं रोक सकी जुनून! सतीश द्विवेदी ने पूरी की 600 किमी मानसून चैलेंज राइड

Praveen Nishee Tue, Sep 8, 2026

मनेंद्रगढ़। एमसीबी। दृढ़ इच्छाशक्ति, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश लेकर लगातार साइकिलिंग कर रहे मनेंद्रगढ़ निवासी सतीश कुमार द्विवेदी ने TDR Monsoon Challenge 2026 के अंतर्गत 600 किलोमीटर की साइकिल राइड सफलतापूर्वक पूरी कर एक और उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि पर Tour De Raipur की ओर से उन्हें Finisher Certificate प्रदान किया गया है।

सतीश द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने 600 किलोमीटर की यह मानसून चैलेंज राइड 1 अगस्त से 18 अगस्त 2026 के बीच पूरी की। पूरी राइड को Strava ऐप पर रिकॉर्ड किया गया। प्रतिदिन साइकिलिंग करते हुए उन्होंने बारिश और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद अपना सफर जारी रखा।

साइकिलिंग को बनाया जनजागरूकता का माध्यम

इस राइड की खास बात यह रही कि सतीश द्विवेदी ने साइकिलिंग को केवल व्यक्तिगत फिटनेस तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे “Fit India and Save Environment” अभियान से जोड़कर जनजागरूकता का माध्यम बनाया।

राइड के दौरान वे विभिन्न स्कूलों में पहुंचे और बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम एवं साइकिलिंग के फायदे, पर्यावरण संरक्षण तथा नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को Seed Ball के महत्व की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया।

रास्ते में करते रहे सीड्स बॉल का थ्रो

सतीश द्विवेदी जब भी साइकिल राइड पर निकलते, अपने साथ सीड्स बॉल लेकर चलते थे। मार्ग में सड़क किनारे उपलब्ध खाली एवं उपयुक्त स्थानों पर वे सीड्स बॉल का थ्रो करते हुए आगे बढ़ते रहे।

उनका उद्देश्य बारिश के मौसम का लाभ उठाकर अधिक से अधिक स्थानों पर प्राकृतिक रूप से पौधों के अंकुरण को बढ़ावा देना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करना है।

26 हजार किलोमीटर से अधिक साइकिलिंग का सफर

सतीश द्विवेदी ने साइकिलिंग की शुरुआत 1997 में की थी। तब से अब तक वे लगभग 26 हजार किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी कर चुके हैं। इस दौरान वे करीब 450 स्कूलों, कॉलेजों एवं हॉस्टलों में जाकर बच्चों और युवाओं को स्वास्थ्य, साइकिलिंग, पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित कर चुके हैं।

उनकी अब तक की सबसे लंबी साइकिल यात्रा मनेंद्रगढ़ से नेपाल के काठमांडू तक लगभग 1100 किलोमीटर की रही है, जिसे उन्होंने वर्ष 1997 में पांच साथियों के साथ पूरा किया था। वर्तमान 600 किलोमीटर की मानसून चैलेंज राइड उनके साइकिलिंग जीवन की दूसरी सबसे लंबी राइड है।

पहले भी मिल चुका है सम्मान

साइकिलिंग और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके प्रयासों को पूर्व में भी सम्मान मिल चुका है। वर्ष 2022 में उन्हें India Book of Record में स्थान मिला, जबकि 2025 में स्वामी विवेकानंद स्पिरिट अवार्ड से सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन ने भी उनके Fit India and Save Environment अभियान के तहत साइकिलिंग, पर्यावरण संरक्षण, सीड्स बॉल और जनजागरूकता गतिविधियों के लिए उन्हें सम्मानित किया।

सतीश द्विवेदी का कहना है कि “साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का माध्यम भी है।” उनका प्रयास है कि अधिक से अधिक युवा साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएं।

बारिश, लंबी दूरी और कठिन परिस्थितियां भी उनके संकल्प को रोक नहीं सकीं। 600 किलोमीटर की यह मानसून राइड उनके लिए केवल एक साइकिलिंग चैलेंज नहीं, बल्कि फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के संदेश को आगे बढ़ाने वाला एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुई।

विज्ञापन

जरूरी खबरें