व्यक्तिगत या राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति : रेडक्रॉस सोसायटी के बैनर के दुरुपयोग पर चेयरमैन की आपत्ति, पुराने मामले को बताया निराधार
Praveen Nishee Tue, Jul 21, 2026

मनेंद्रगढ़। एमसीबी। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला एमसीबी के चेयरमैन शैलेष जैन ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हाल ही में प्रकाशित उस खबर पर आपत्ति जताई है, जिसमें जिला प्रतिनिधि एवं अधिवक्ता रामनरेश पटेल द्वारा सचिव सह मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे।
प्रेस विज्ञप्ति में शैलेष जैन ने कहा कि यह मामला पहले भी उठ चुका था और उस समय आरोपों की विस्तृत जांच कर सभी तथ्य अधिवक्ता रामनरेश पटेल के समक्ष प्रस्तुत किए गए थे। उनके अनुसार जांच के बाद मामला समाप्त कर दिया गया था और तत्कालीन अध्यक्ष द्वारा राज्य शाखा को भी जवाब भेजा गया था।
उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत या राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए रेडक्रॉस सोसायटी के नाम और बैनर का उपयोग करना अनुचित है तथा इससे संगठन की जिला एवं राज्य स्तर पर छवि प्रभावित होती है।
चेयरमैन ने सभी से अपील की कि रेडक्रॉस सोसायटी के नाम और बैनर का उपयोग केवल संगठनात्मक एवं जिम्मेदार उद्देश्यों के लिए किया जाए तथा किसी भी व्यक्तिगत या राजनीतिक गतिविधि के लिए इसका इस्तेमाल न किया जाए।

विज्ञापन