एसईसीएल हसदेव क्षेत्र : नारी राग-रंग महोत्सव हसदेव एरिया–2026 का रंगारंग समापन, प्रतिभाओं का हुआ भव्य सम्मान
Praveen Nishee Sat, Jun 27, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। एसईसीएल हसदेव क्षेत्र श्रद्धा महिला मंडल एवं मानव संसाधन विभाग, एसईसीएल बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय "नारी राग-रंग महोत्सव–2026" हंसदेव क्षेत्र में क्षेत्रीय कार्यक्रम मानव संसाधन विभाग एवं जागृति महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य एवं गरिमामय समापन शुक्रवार को वसुंधरा क्लब, क्षेत्रीय मुख्यालय, हसदेव क्षेत्र में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। महोत्सव के समापन समारोह में
क्षेत्रीय महाप्रबंधक मनोज बिश्नोई , डॉ. सरोज बाला बिश्नोई, अध्यक्ष, जागृति महिला समिति, की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् एवं कोल इंडिया गीत की सामूहिक प्रस्तुति हुई। स्वागत उद्बोधन के पश्चात प्रबंधक (कल्याण) द्वारा महोत्सव की दो दिवसीय गतिविधियों का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत चयनित उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अपने प्रेरक उद्बोधन में मनोज बिश्नोई ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं की सृजनात्मक क्षमता, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व कौशल को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं तथा संगठन में पारिवारिक सौहार्द एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। डॉ. सरोज बाला बिश्नोई ने कहा कि "नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक चेतना और रचनात्मक शक्ति की सशक्त वाहक है। ऐसे मंच महिलाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सहभागिता को भी सुदृढ़ करते हैं।" उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मेहंदी प्रतियोगिता में रत्नी साहू, आर्ट एंड क्राफ्ट में विंसी सिंह, जबकि रंगोली एवं पेंटिंग-ड्राइंग में यामिनी यादव विजेता रहीं। एकल गीत प्रतियोगिता में दीपिका मिश्रा एवं प्रतिमा भोई को सम्मानित किया गया। मोनो एक्ट में ए. कचलम, ज्योति खैरवार, नीलू, राखी, कु. भारती, शबनम तथा मुक्ता सिंह (साइलेंट एक्ट) ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर सम्मान अर्जित किया। एंकरिंग प्रतियोगिता में विमला पटेल ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
नाटक प्रतियोगिता में मंजुला ई. मैथ्यूज़, पूजा सिंह, रंजना सोनी, सुनंदा लकड़ा, जय प्रभा एवं सुमिता लकड़ा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मुक्ता सिंह, स्वाति पटेल, भारती, कुंती, धनेश्वरी, विनिता एवं आरती की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
समापन दिवस पर आयोजित समूह गीत प्रतियोगिता में पूजा पाण्डेय एवं सुधा शर्मा की जोड़ी विजेता बनी। समूह नृत्य प्रतियोगिता में ज्योति खैरवार एवं टीम ने प्रथम तथा ए. कचलम एवं टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में श्रीमती चंदा नामदेव प्रथम एवं प्रतिमा भोई द्वितीय स्थान पर रहीं।
समारोह के दौरान सभी विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। निर्णायक मंडल के सदस्यों, आयोजकों तथा अतिथियों का भी सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को उत्साह, सांस्कृतिक उल्लास एवं महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ "नारीराग-रंगमहोत्सव–2026" का सफल एवं यादगार समापन हुआ।यह महोत्सव महिला अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवार की महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं के प्रदर्शन का प्रभावी मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिसने सहभागिता, सौहार्द और सांस्कृतिक समृद्धि की एक प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत की।
विजयी प्रतिभागियों को बिलासपुर में अपनी प्रतिभा प्रदर्शन हेतु एस. ई. सी. एल. ग्रांड फाइनल नारी राग रंग महोत्सव में सहभागिता का अवसर मिलेगा।

विज्ञापन