बचपन प्ले स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने जाना पुलिस की कार्यप्रणाली : झगराखांड सिटी कोतवाली का किया शैक्षणिक भ्रमण, सुरक्षा एवं यातायात नियमों की मिली महत्वपूर्ण सीख
Praveen Nishee Thu, Nov 26, 2026
मनेन्द्रगढ़। एमसीबी ।बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा उन्हें किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन की जानकारी देने के उद्देश्य से बचपन प्ले स्कूल के यूकेजी कक्षा के छात्र-छात्राओं को झगराखांड सिटी कोतवाली का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा उनके मन में पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच और सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण के दौरान नन्हे विद्यार्थियों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा और कोतवाली परिसर की विभिन्न इकाइयों के बारे में जानकारी प्राप्त की। थाना प्रभारी रमेश जायसवाल के मार्गदर्शन में एएसआई जे.डी. मिंस, रामरूप सिंह, हेड कांस्टेबल (मिनिस्ट्रियल) दानिश शेख, नीरज परिहार, कांस्टेबल रमेश मिश्रा, बाबूलाल, साईंटुडे, संतोष, ओपेरा एवं सैनिक उमाशंकर मिश्रा सहित थाना स्टाफ ने बच्चों का स्वागत किया और उन्हें पुलिस विभाग के विभिन्न कार्यों की जानकारी दी।
पुलिसकर्मियों ने बच्चों को शस्त्रागार, बंदीगृह, विवेचना कक्ष एवं कंप्यूटर कक्ष का अवलोकन कराया। साथ ही इन सभी विभागों की उपयोगिता एवं वहां होने वाले कार्यों को बच्चों की समझ के अनुरूप सरल भाषा में समझाया। बच्चों ने भी पूरे उत्साह और जिज्ञासा के साथ पुलिसकर्मियों से सवाल पूछे और नई-नई जानकारियां प्राप्त कीं।
इस अवसर पर थाना प्रभारी रमेश जायसवाल ने बच्चों को सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि वे घर जाकर अपने माता-पिता को अवश्य बताएं कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। उन्होंने बच्चों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से कोई वस्तु नहीं लेनी चाहिए और न ही उसके साथ कहीं जाना चाहिए। किसी भी प्रकार की परेशानी या आशंका होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की मित्र है और सदैव लोगों की सहायता एवं सुरक्षा के लिए तत्पर रहती है।
थाना प्रभारी ने बच्चों के साथ-साथ विद्यालय की शिक्षिकाओं को भी यातायात नियमों का पालन करने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने का संदेश दिया।
भ्रमण के दौरान एक विशेष एवं उत्साहजनक क्षण तब देखने को मिला, जब थाना प्रभारी द्वारा बच्चों से विभिन्न प्रश्न पूछे गए। छात्रा अलका तिवारी ने पूरे आत्मविश्वास और तत्परता के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। उसकी प्रतिभा एवं आत्मविश्वास से प्रभावित होकर थाना प्रभारी ने उसे अपनी कुर्सी पर बैठाया और पुलिस कैप पहनाकर कुछ समय के लिए सांकेतिक रूप से थाना प्रभारी बनने का अवसर दिया। इस अनूठे अनुभव से अलका सहित सभी बच्चे बेहद उत्साहित और प्रसन्न नजर आए।
कार्यक्रम के अंत में थाना परिसर में सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित की गईं। पुलिसकर्मियों का स्नेहपूर्ण व्यवहार और उनका मार्गदर्शन बच्चों के लिए इस भ्रमण को यादगार बना गया।
यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, रोचक एवं उत्साहपूर्ण रहा। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने न केवल पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को समझा, बल्कि सुरक्षा, सतर्कता और यातायात नियमों के पालन का महत्वपूर्ण संदेश भी प्राप्त किया।
बचपन प्ले स्कूल का सदैव प्रयास रहता है कि बच्चों को पुस्तकीय शिक्षा के साथ-साथ ऐसे अनुभवात्मक एवं गतिविधि आधारित शैक्षणिक अवसर प्रदान किए जाएं, जिससे उनमें जिज्ञासा, जागरूकता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।

विज्ञापन