11 वें आयुर्वेद दिवस पर स्वास्थ्य,योग और जागरूकता के विविध आयोजन : 23 सितंबर को निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर, संगोष्ठी एवं योग-ध्यान सत्र का होगा आयोजन
Praveen Nishee Tue, Sep 22, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी । मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 11वें आयुर्वेद दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा नागरिकों को आयुर्वेद, योग, स्वस्थ जीवनशैली एवं प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धतियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 23 सितंबर 2026, बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम “आयुर्वेद फॉर ए हेल्दी टुमॉरो” (स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद) रखी गई है।
आयुष विभाग एमसीबी द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों में आम नागरिकों को आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा परामर्श, निःशुल्क औषधि, योग एवं ध्यान तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
भगत सिंह चौक में लगेगा निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर
मनेन्द्रगढ़ के भगत सिंह चौक बस स्टैंड तिराहा में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के चिकित्सकों द्वारा नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया जाएगा।
शिविर में नागरिकों को अपनी प्रकृति जानने का अवसर भी मिलेगा। साथ ही “रसोई घर से स्वास्थ्य” की अवधारणा के माध्यम से दैनिक जीवन में उपलब्ध खाद्य पदार्थों एवं घरेलू संसाधनों के उचित उपयोग से स्वस्थ रहने की जानकारी दी जाएगी।
विवेकानंद महाविद्यालय में होगी आयुर्वेद विषयक संगोष्ठी
विवेकानंद महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ में प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयुर्वेद विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान ऋतुचर्या, दिनचर्या, रसोई घर से स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति जैसे विषयों पर आयुर्वेद आधारित उपयोगी जानकारी साझा की जाएगी। बदलते मौसम के अनुरूप खान-पान एवं दिनचर्या में आवश्यक बदलाव, नियमित जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल तथा नशे से दूर रहने के उपायों के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा।
योग एवं ध्यान से होगी कार्यक्रमों की शुरुआत
आयुर्वेद दिवस के अवसर पर स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ मन के महत्व को ध्यान में रखते हुए सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण मनेन्द्रगढ़ में प्रातः 6.30 बजे से 7.30 बजे तक योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें नागरिकों को योगाभ्यास एवं ध्यान के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

विज्ञापन