सेवा संकल्प अभियान की 25 गतिविधियों को कलेक्टर ने दिए निर्देश : सेवा से सहयोग तक: एमसीबी में तेज होगा अभियान, जनभागीदारी बढ़ाने विभागों को सौंपी जिम्मेदारी
Praveen Nishee Tue, Sep 29, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में संचालित 25 गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा आगामी सेवा सेतु शिविरों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने गतिविधियों की विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रत्येक कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ने और अधिक से अधिक लोगों तक शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, नम्रता डोगरे, एसडीएम भरतपुर शशि शेखर मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर स्वप्निल वर्मा, नेहा खलखो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
63 ग्रामों में स्वच्छता अभियान, शेष गांवों में भी गतिविधियां तेज करने के निर्देश
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निर्धारित 25 गतिविधियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि अभियान केवल विभागीय कार्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसका उद्देश्य शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं को नागरिकों तक पहुंचाने के साथ सेवा, सहयोग, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। बैठक में रक्तदान शिविर, समाज कल्याण विभाग की गतिविधियों और स्वच्छता अभियान की समीक्षा की गई। जिले के 199 ग्रामों में से अब तक 63 ग्रामों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा चुकी हैं। कलेक्टर ने शेष ग्रामों में भी स्वच्छता अभियान को गति देने के निर्देश दिए। 2 अक्टूबर स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों एवं संबंधित सहयोगकर्ताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
आयुष विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए इनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने खिलौना दान अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर दिया।
5 अक्टूबर तक कार्यालयों में एकत्र किए जाएंगे खिलौने
कलेक्टर ने सभी विभागों को अपने-अपने कार्यालयों में 5 अक्टूबर तक खिलौने एकत्रित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, पंचायत, पीएमजीएसवाई, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित अन्य विभागों को भी अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने कहा गया।
उन्होंने खिलौना, अन्न एवं अन्य सामग्री दान करने वाले दानदाताओं और सहयोगकर्ताओं का पंजीयन करने के निर्देश दिए, ताकि जनभागीदारी को व्यवस्थित रूप से दर्ज किया जा सके। किसानों से अन्न दान कराने तथा एकत्रित अन्न से सामूहिक भोग आयोजित करने की गतिविधि संचालित करने को कहा गया। प्राथमिक शालाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में जरूरतमंद बच्चों के लिए वस्त्र दान की गतिविधि को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
दिव्यांगजनों के लिए 30 सितंबर से पोड़ी में मेडिकल कैंप
दिव्यांगजन सहयोग गतिविधि की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बताया कि 30 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक मंगल भवन पोड़ी में मेडिकल कैंप आयोजित किया जाएगा। शिविर में दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार कृत्रिम हाथ-पैर, उंगली आदि लगाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद दिव्यांगजनों को शिविर तक पहुंचाने और वापस लाने के लिए बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति परिवहन की समस्या के कारण शिविर का लाभ लेने से वंचित न रहे।
जागरूकता से लेकर जनसहयोग तक, गतिविधियों को मिलेगी गति
बैठक में सड़क सुरक्षा जागरूकता, नशा-मुक्त भारत अभियान, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, जल संरक्षण एवं जल स्रोतों की सफाई, कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग, साइबर सुरक्षा जागरूकता, फिट इंडिया खेल सत्र, वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान, मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण, वोकल फॉर लोकल तथा सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार जैसी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को इन गतिविधियों को औपचारिकता के बजाय जनभागीदारी आधारित अभियान के रूप में संचालित करने तथा स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए।
सेवा सेतु शिविरों में एक ही स्थान पर मिलेंगी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में तीन स्थानों पर सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। 4 अक्टूबर को खड़गवां, 5 अक्टूबर को मनेंद्रगढ़ तथा 7 अक्टूबर को जनकपुर में शिविर आयोजित होगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। शिविरों में प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना, फसल बीमा, पेंशन, खाद्यान्न सहायता, जाति-निवास-आय प्रमाण पत्र, बी-1, नक्शा-खसरा, ऋण पुस्तिका सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का प्रभाव तभी दिखाई देगा, जब योजनाओं की जानकारी के साथ पात्र हितग्राहियों को वास्तविक लाभ तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी सरल और प्रभावी हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान की प्रत्येक गतिविधि को जनसेवा से जोड़ने के निर्देश दिए।

विज्ञापन