एसईसीएल हसदेव क्षेत्र : नारी राग-रंग महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ
Praveen Nishee Thu, Jun 25, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। एसईसीएल हसदेव क्षेत्र श्रद्धा महिला मंडल एवं मानव संसाधन विभाग, एसईसीएल बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय “नारी राग-रंग महोत्सव 2026” का शुभारंभ आज वसुंधरा क्लब, क्षेत्रीय मुख्यालय हसदेव क्षेत्र में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। 25 एवं 26 जून को आयोजित होने वाले इस महोत्सव में जागृति महिला समिति एवं मानव संसाधन विभाग हसदेव क्षेत्र, के संयोजन में आयोजित इस महोत्सव में महिला अधिकारी, महिला कर्मचारी तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पत्नियां उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रही हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जागृति महिला समिति की अध्यक्षा डॉ. सरोज बाला बिश्नोई रहीं। उनके साथ जागृति महिला समिति की अन्य पदाधिकारीगण रूना मित्रा, पूनम रानी, रूपा दत्ता, माला तिवारी, तृप्ती पांडे भी उपस्थित रहीं। दीप प्रज्वलन इसके पश्चात वंदे मातरम् एवं कोल इंडिया गीत की सामूहिक प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
स्वागत उद्बोधन डी. डी. तिवारी स्टाफ ऑफिसर(मानव संसाधन) के द्वारा किया गया पश्चात अमन कुमार प्रबंधक ( मानव संसाधन ) के द्वारा नारी राग-रंग महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। तत्पश्चात सभी प्रतिभागियों एवं निर्णायक मंडल द्वारा शपथ ग्रहण किया गया तथा निर्णायकों का परिचय एवं स्वागत किया गया। अपने उद्बोधन में डॉ. सरोज बाला बिश्नोई ने महिलाओं की प्रतिभा, सृजनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने में ऐसे आयोजनों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस में स्वागत गीत एवं स्वागत नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया । मेहंदी, आर्ट एवं क्राफ्ट, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, पेंटिंग, ड्राइंग, रंगोली, मोनो एक्ट, एंकरिंग, मिमिक्री, स्टैंड-अप कॉमेडी, नाटक तथा एकल गीत प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। महोत्सव के ज्यूरी सदस्यों में डॉ. सरोज बाला बिश्नोई, श्रीमती रंजीता कुमार, श्रीमती रूना मित्रा, श्रीमती रूपा दत्ता एवं श्रीमती माला तिवारी शामिल हैं, जिनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से कार्यक्रम का सफल संचालन किया जा रहा है।
महोत्सव के दूसरे दिवस 26 जून को एकल नृत्य, समूह गीत एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ समापन समारोह आयोजित किया जाएगा एवं विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे ।
नारी राग-रंग महोत्सव 2026 का उद्देश्य महिला अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवार की महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं के प्रदर्शन हेतु एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। महोत्सव के प्रथम दिवस का आयोजन उत्साह, सहभागिता एवं सांस्कृतिक रंगों से परिपूर्ण रहा।

विज्ञापन