दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ में : नव-निर्वाचित छात्र परिषद का भव्य अलंकरण (Investiture) समारोह सम्पन्न
Praveen Nishee Thu, Jul 23, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी । दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए नव-निर्वाचित छात्र परिषद के सम्मान में अलंकरण (Investiture) समारोह का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं भव्य वातावरण में किया गया। विद्यालय का संपूर्ण परिसर अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह की भावना से अनुप्राणित दिखाई दिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के निदेशक व्यंकटेश सिंह एवं श्रीमती पूनम सिंह,प्राचार्य अश्वनी वर्मा,शिक्षकगण, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा को चार चाँद लगा दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः विद्यालय प्रांगण में प्रार्थना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात सभी अतिथियों ने बहुउद्देशीय सभागार में प्रवेश किया, जहाँ विद्यालय के शिक्षक रत्नेश ओझा एवम् दीपक यादव ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत ने वातावरण को भावविभोर कर दिया।
मुख्य कार्यक्रम के अंतर्गत नव-निर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों को विद्यालय के निदेशक व्यंकटेश सिंह, श्रीमती पूनम सिंह एवं प्राचार्य अश्वनी वर्मा तथा द्वारा बैज एवं सैश पहनाकर उनके पदों पर विधिवत अलंकृत किया गया तथा उन्हें नेतृत्व, अनुशासन, सेवा, निष्ठा एवं उत्तरदायित्व की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर हेड बॉय के रूप में माहिम यादव, हेड गर्ल के रूप में सौम्या अग्रवाल, वाइस हेड बॉय जसराज सिंह रैना तथा वाइस हेड गर्ल अनुष्का सिंह को विद्यालय के सर्वोच्च छात्र नेतृत्व का दायित्व सौंपा गया।
स्पोर्ट्स कमेटी के कप्तान गौरव केवट एवं उपकप्तान शफ़ाक़ सिराज, कल्चरल कमेटी की कप्तान इशाना शरीफ़ एवं उपकप्तान आयुषी गुप्ता को भी पदभार ग्रहण कराया गया।
विद्यालय के चारों सदनों में भी नवीन नेतृत्व की घोषणा की गई। कलाम हाउस (रेड) के कप्तान आयान हुसैन एवं उपकप्तान आयुषी सिंह, टैगोर हाउस (ब्लू) के कप्तान ईशवीर सिंह रैना एवं उपकप्तान जिया कुरैशी, आर्यभट्ट हाउस (ग्रीन) के कप्तान आर्यव अग्रवाल एवं उपकप्तान अदिति शुक्ला, तथा एडिसन हाउस (येलो) के कप्तान आगम जैन एवं उपकप्तान श्रेयांशी जायसवाल को दायित्व सौंपा गया।
डिसिप्लिन कमेटी की कमान भूपेन्द्र कुमार (कप्तान) एवं यशराज शुक्ला (उपकप्तान) को सौंपी गई। वहीं मीडिया हेड के रूप में श्रुति वर्मा को नियुक्त किया गया तथा मीडिया टीम में अदिति शुक्ला, अन्विषा खरे, हरगुन खरे एवं अलीशा नाज़ को सदस्य के रूप में दायित्व प्रदान किया गया। जूनियर वर्ग में आयांश सिंह को जूनियर हेड बॉय एवं इशिका तिवाड़े को जूनियर हेड गर्ल नियुक्त किया गया।
शपथ ग्रहण के उपरांत सभी छात्र प्रतिनिधियों ने पूर्ण निष्ठा, सत्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा विद्यालय की गरिमा एवं आदर्शों को सदैव सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि तथा संस्था के निदेशक व्यंकटेश सिंह ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को नेतृत्व के मूल्यों से परिचित कराते हुए कहा कि सच्चा नेतृत्व वही है जो सेवा, संवेदनशीलता, उत्तरदायित्व एवं अनुशासन के माध्यम से दूसरों का मार्गदर्शन करे।
विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी वर्मा ने अपने संदेश में कहा, "नेतृत्व किसी पद का नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व का परिचायक है। हमें विश्वास है कि हमारी नव-निर्वाचित छात्र परिषद अपने उत्कृष्ट कार्यों, अनुशासित आचरण एवं समर्पण से विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को और अधिक समृद्ध करेगी तथा प्रत्येक विद्यार्थी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।"
विद्यालय के निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा, "अलंकरण समारोह केवल दायित्व ग्रहण करने का अवसर नहीं, बल्कि चरित्र, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व की एक नई यात्रा का शुभारंभ है। हमें पूर्ण विश्वास है कि यह छात्र परिषद सेवा, सहयोग, अनुशासन और उत्कृष्टता के आदर्शों को आत्मसात करते हुए विद्यालय को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।"
समारोह के अंत में कक्षा छठवीं के छात्र-छात्राओं द्वारा मनोहारी नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। हेड बॉय महिम कुमार यादव एवं हेड गर्ल सौम्या अग्रवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ। सम्पूर्ण वातावरण नव-नेतृत्व के उत्साह, उत्तरदायित्व एवं विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प से आलोकित रहा।

विज्ञापन