सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी : जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा का शानदार आगाज, 11 से 18 जुलाई तक जिलेभर में चलेगा विशेष अभियान
Praveen Nishee Mon, Jul 13, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देशानुसार मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा (11 से 18 जुलाई 2026) का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत आमजन को परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल, मनेंद्रगढ़ परिसर से विशेष जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के शहरी एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को छोटे परिवार, सुरक्षित मातृत्व और परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों के संबंध में जागरूक करेगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, सुश्री लक्ष्मी रजक, जिला लेखा प्रबंधक रविन्द्र सिंह तथा विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक सुलेमान खान सहित सिविल अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
“जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल“
जागरूकता रथ को रवाना करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के संतुलित विकास और प्रत्येक परिवार की खुशहाली का आधार है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि दो बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल रखने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आती है तथा माता और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है।
सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क मिलेंगी परिवार नियोजन सेवाएँ
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 11 से 18 जुलाई तक चलने वाले जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के दौरान जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी स्वास्थ्य केंद्र तथा जिला चिकित्सालयों में परिवार नियोजन संबंधी सेवाएँ पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के अंतर्गत इच्छुक एवं पात्र दंपत्तियों के लिए पुरुष एवं महिला नसबंदी की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा कॉपर-टी ( PPIUCD/ PAIUCD), अंतरा इंजेक्शन, छाया गोली तथा कंडोम सहित विभिन्न अस्थायी परिवार नियोजन साधनों का भी निःशुल्क वितरण किया जाएगा। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रशिक्षित परामर्शदाता योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन के सुरक्षित एवं प्रभावी विकल्पों की जानकारी देंगे। वहीं एएनएम (आरएचओ), मितानिन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र दंपत्तियों से संपर्क स्थापित कर उन्हें परिवार कल्याण सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करेंगी।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मिलेगा विशेष महत्व
अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने बताया कि 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ इस अभियान के सफल संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है। अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसव पूर्व जांच (एएनसी), सुरक्षित संस्थागत प्रसव, नवजात शिशुओं की समयबद्ध देखभाल तथा प्रसवोत्तर परिवार नियोजन सेवाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता एवं सुविधा के अनुसार निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्थान में पहुँचकर परिवार नियोजन एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठाएँ तथा स्वस्थ, समृद्ध और संतुलित समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

विज्ञापन