गूंजा देशभक्ति का जयघोष, निकली भव्य ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ : स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया नेतृत्व, हजारों नागरिकों ने हाथों में तिरंगा थाम कर दिया राष्ट्रभक्ति
Praveen Nishee Wed, Aug 12, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी। स्वतंत्रता दिवस के गौरवमयी अवसर को लेकर पूरे जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण बना हुआ है। इसी कड़ी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य आतिथ्य एवं नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, नागरिकों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। हजारों हाथों में लहराते तिरंगे और भारत माता के जयघोष से पूरा मनेंद्रगढ़ शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
खेड़िया टॉकीज से शुरू हुई तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर
भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहर के ऐतिहासिक खेड़िया टॉकीज से हुआ। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज लहराकर यात्रा का नेतृत्व किया। यात्रा प्रारंभ होते ही ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। हाथों में तिरंगा थामे नागरिकों की लंबी कतार और उत्साहित स्कूली विद्यार्थियों ने यात्रा को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया। तिरंगा यात्रा खेड़िया टॉकीज से प्रारंभ होकर पीडब्ल्यूडी तिराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। यात्रा के मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने घरों एवं प्रतिष्ठानों से पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रियों का स्वागत किया। नागरिकों ने भी यात्रा में शामिल होकर राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं और देशभक्ति का प्रदर्शन किया। यात्रा के दौरान पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। तिरंगा यात्रा का समापन स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनेंद्रगढ़ में हुआ, जहां उपस्थित लोगों को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया गया।
तिरंगा देश की एकता, अखंडता, त्याग और बलिदान का प्रतीक : स्वास्थ्य मंत्री
समापन अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता, अखंडता, त्याग, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा देश के प्रत्येक नागरिक को एक सूत्र में जोड़ता है और हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अभियान प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदारी और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने जिले वासियों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में सम्मान पूर्वक तिरंगा फहराएं और देश की प्रगति में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देश की प्रगति केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कलेक्टर, एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
भव्य तिरंगा यात्रा में मनेंद्रगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, पूर्व संसदीय सचिव एवं जिला अध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले, कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह तथा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम एवं अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि विशेष रूप से शामिल हुए।
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने आम नागरिकों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की। अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमापूर्ण स्वरूप प्रदान किया। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों में दिखा गजब का उत्साह, देशभक्ति गीतों से बना माहौल
तिरंगा यात्रा का सबसे आकर्षक पक्ष जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासित ढंग से यात्रा में शामिल विद्यार्थियों ने पूरे आयोजन में नई ऊर्जा का संचार किया। देशभक्ति गीतों और नारों के साथ विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के प्रति अपने उत्साह का प्रदर्शन किया।
कई विद्यार्थियों ने तिरंगे के साथ देशभक्ति से जुड़े संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का संदेश दिया। बच्चों और युवाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता ने यह संदेश दिया कि नई पीढ़ी भी देश की स्वतंत्रता के इतिहास, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ रही है।
तिरंगे के रंग में रंगा मनेंद्रगढ़, नागरिकों ने बढ़-चढ़कर की सहभागिता
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर का माहौल पूरी तरह देशभक्तिमय नजर आया। यात्रा के मार्ग में नागरिकों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर लोग अपने घरों और दुकानों के बाहर खड़े होकर यात्रा में शामिल लोगों का उत्साहवर्धन करते दिखाई दिए। राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने यात्रा में सहभागिता कर यह संदेश दिया कि राष्ट्रभक्ति किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
घर-घर तिरंगा फहराने और राष्ट्र निर्माण में योगदान का लिया संकल्प
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान के साथ फहराने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके प्रयासों से देश को स्वतंत्रता मिली। आज हमारा दायित्व है कि हम देश की एकता और अखंडता को मजबूत करें, संविधान और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करें तथा अपने कार्यों के माध्यम से देश के विकास में योगदान दें।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने दिया एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश
मनेंद्रगढ़ में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा ने जिले में स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और बढ़ा दिया। हजारों नागरिकों की सहभागिता ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-अभियान का स्वरूप प्रदान किया। तिरंगा यात्रा के माध्यम से जिलेवासियों ने एक स्वर में राष्ट्र की एकता, अखंडता, शांति, विकास और गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान मनेंद्रगढ़ की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब और हाथों में लहराते तिरंगे इस बात के साक्षी बने कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के भीतर देश के प्रति गर्व, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को जागृत करने वाला अवसर है।

विज्ञापन