गांधी जयंती पर एमसीबी योग सेवा समिति ने किया सम्मान समारोह : शिक्षा और योग सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए कृष्णा निशी और भैरव केसरवानी सम्मानित
Praveen Nishee Sat, Oct 3, 2026
मनेन्द्रगढ़। एमसीबी। गांधी जयंती के अवसर पर एमसीबी योग सेवा समिति द्वारा शिक्षा, समाजसेवा एवं योग सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दो व्यक्तित्वों का सम्मान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में चार दशकों की उत्कृष्ट सेवा, ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध निरंतर कार्य करने के लिए वरिष्ठ समाजसेविका एवं एकल विद्यालय महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा निशी को सम्मानित किया गया। वहीं योग समिति के सुचारु प्रबंधन, स्वच्छता, सेवा एवं समर्पण के लिए योग साधक भैरव प्रसाद केसरवानी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। मुख्य अतिथि कृष्णा निशी एवं भैरव केसरवानी ने गांधीजी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
समारोह में श्रीमती कृष्णा निशी का स्वागत योग सेवा समिति की जिला प्रभारी बलबीर कौर, अखिल भारतीय योग महासंघ की जिला अध्यक्ष नीलू सिंह, वनवासी बालक छात्रावास के अध्यक्ष जगदंबा अग्रवाल, आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. संदीप चंदेल, वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय, सहायक नेत्र अधिकारी आर.डी. दीवान, एकल विद्यालय अभियान से जुड़ी विमला यादव, विजय मंगलम बालिका छात्रावास की संचालिका रूपा पोद्दार एवं वरिष्ठ शिक्षिका नीलम दुबे सहित अन्य लोगों ने किया।
वक्ताओं ने कृष्णा निशी के चार दशक लंबे शिक्षा एवं समाजसेवा के योगदान को रेखांकित किया। नीलू सिंह एवं विमला यादव ने कहा कि कृष्णा निशी ने शिक्षा के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सामाजिक बुराइयों को दूर करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है।

विज्ञापन