वरिष्ठ पत्रकार शंकर पांडे की कलम से..*(कॉलम 21 सालों से लगातार) : मुझको चलने दो अकेला, है अभी मेरा सफऱ..... रास्ता रोका गया तो काफिला हो जाऊंगा.....
Praveen Nishee Fri, Aug 14, 2026
देश के सबसे बड़े राजनीतिक नर संहारों में शामिल बहुचर्चित झीरम घाटीकांड में 11 साल बाद न्यायिक प्रक्रिया अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है,जगदलपुर स्थित एनआईए के विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत की अदालत में तीन दिनों तक चली मैराथन बहस के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा है, ऐतिहासिक, संवेदनशील मामले में 31 अगस्त को अंतिम निर्णय सुनाएगी अंतिम सुनवाई में अभियोजन और बचाव पक्ष की ओर से कुल मिला कर लगभग 12 घंटे तक जोरदार दलीलें पेश की गईं,अंतिम बहस की शुरुआत में अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता दिनेश पाणिग्राही ने की। उन्होंने मामले से जुड़े साक्ष्यों और तथ्यों को अदालत के सामने रखा। बचाव पक्ष के अधिवक्ता अरविंद चौधरी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने लगभग 4 घंटे तक अदालत के समक्ष कानूनी बिंदुओं, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बचाव पक्ष का मजबूती से पक्ष रखा। बहु चर्चित प्रकरण की सुनवाई के दौरान कुल 101 गवाहों के बयान दर्ज किए, जांच एजेंसियों ने मामले में कुल 41 लोगों को आरोपी बनाया था, जिनमें 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी थी। गिरफ्तार किये गये 11 आरोपियों में से एक की इलाज/दौरान- ए- ट्रायल मृत्यु हो चुकी है। वर्तमान में 10 आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं, जिनके ही खिलाफ मामला चल रहा है।
13 व्हाइट टाइगरोँ
का कुनबा.......
मैत्री बाग में तापसी और तरुण सहित उनकी अगली पीढ़ियों ने अब तक 13 व्हाइट टाइगरों को जन्म दिया है। इनमें से कई व्हाइट टाइगरों को देश के अलग- अलग चिड़ियाघरों में भेजा गया, जहां वे अपनी वंशवृद्धि के साथ पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। भिलाई से भेजे गए व्हाइट टाइगर राजकोट(गुजरात), इंदौर, मुकुंदपुर (मप्र), बोकारो (झारखंड), लख नऊ (उत्तरप्रदेश) तथा रायपुर (छग) के चिड़ियाघरों में मौजूद हैं।भिलाई में मैत्रीबाग में 1999 की एक जोड़ी ने खड़ा किया 13 बाघों का वंश,भिलाई के मैत्री बाग में 1999 में आये व्हाइट टाइगर की जोड़ी ने इतिहास रच दिया है। मैत्री बाग में जन्मे 13 व्हाइट टाइगर।भिलाई इस्पात संयंत्र का मैत्री बाग जू व्हाइट टाइगर संरक्षण, सफल प्रजनन के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है। वर्ष 1999 में भुवनेश्वर के नंदन कानन जूलाजिकल पार्क से लाई व्हाइट टाइगर की जोड़ी तापसी और तरुण ने यहां जिस वंश की शुरु आत की, कई राज्यों के चिड़िया घरों तक पहुंच चुका है। हालांकि दोनों अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी पीढ़ियां आज भी संरक्षण अभियान को आगे बढ़ा रही हैं।
बिजली बिल, स्मार्ट मीटर
का झटका लगातार...!
छत्तीसगढ़ का बिजली उपभोक्ता, साय सरकार के बिजली बिल से परेशान है।वहीं स्मार्ट मीटर से भी उन्हें शिकायत हैं। अगले विधान सभा चुनाव में यह भी एक मुद्दा बनेगा यह तय है।बिजली उपभोक्ताओं पर पिछले 13 महीने में दो बार दर बढ़ने का असर पड़ा है।100 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उप भोक्ता के लिए दर 3.90 से बढ़कर 4.40 रुपये प्रति यूनिट हो गई है। वहीं 201 से 400 यूनिट वाले उपभोक्ता के लिए दर 5.50 से बढ़कर 6 रुपये प्रति यूनिट पहुंच गई यानी इस स्लैब में 50 पैसे प्रति यूनिट ज्यादा चुकाने पड़ रहे हैं।इसे 300 यूनिट वाले उपभोक्ता के उदाहरण से समझें तो जून 2025 में करीब 751 रुपये का अनुमानित बिल जुलाई 2026 में करीब 1172 रुपये हो गया है। यानी 421 रुपये ज्यादा....हालांकि यह पूरा अंतर सिर्फ बिजली दर बढ़ने का नहीं है। इस दौरान हाफ -बिल योजना की सीमा में बदलाव हुआ जिससे बिल पर अतिरिक्त असर पड़ा। कुल 300 यूनिट की ऊर्जा लागत 1,350 रुपये से बढ़कर 1,490 रुपये हुई, यानी इसमें 140 रुपये या करीब 10.4% की वृद्धि हुई।जुलाई 2025 में बिजली की दरों में पहली बढ़ोतरी हुई।इसके बाद 0-100 यूनिट की दर 4.10 ₹ 101- 200 यूनिट की 4.20 ₹, 201- 400 यूनिट की 5.60 ₹ हो गई। यानी जून 2025 के मुकाबले क्रमशः 20, 10 और 10 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी हुई,जुलाई 2026 से फिर दरें बढ़ाई गईं। अब 0- 100 यूनिट के लिए 4.40 ₹, 101 -200 के लिए 4.50 ₹,201-400 यूनिट के लिए 6 ₹ प्रति यूनिट देना पड़ रहा है। आयोग के अनुसार 2026- 27 में सभी उपभोक्ता श्रेणियों को मिला कर औसत टैरिफ वृद्धि 6.23% है।
रामगोपाल, शराब घोटाले
में गिरफ्तार....
कांग्रेस पूर्व कोषाध्यक्ष रहे राम गोपाल अग्रवाल को ईडी ने शराब घोटाले में गिरफ्तार कर लिया है रामगोपाल पहले ही 19 अगस्त तक ज्यूडिशल कस्टडी में रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद है,ईडी की गिरफ्तारी के बाद पूरा केस सक्षम न्यायालय में भेजा गया है,ईडी के मुताबिक रामगोपाल से शराब घोटाला मामले में पूछताछ करने कोर्ट से 7 दिनों की कस्टोडियल रिमांड की मांग की गई है, पहले इओडब्लू ने रामगोपाल से कोयला घोटाला और शराब घोटाला मामले में रिमांड लेकर पूछताछ की थी, ईडी के अधिवक्ता सौरभ कुमार पाण्डेय के अनुसार कांग्रेस पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष रहे अग्रवाल, वर्त मान में रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद है,वहां ईडी की टीम गई हुई थी और उन्हें शराब घोटाले मामले में गिरफ्तार किया है,गिरफ्तारी के बाद सक्षम न्यायालय में 7 दिनों की कस्टोडियल रिमांड की मांग प्रवर्तन निदेशालय ने की है,अब यह कोर्ट के ऊपर निर्भर करता है कि वह कितने दिनों के लिए प्रवर्तन निदेशालय को कस्टोडियल रिमांड देगी।कांग्रेस शासन काल में हुए शराब घोटाला, कोयला घोटाला, कस्टम मिलिंग मामले के आरोपी कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष रहे रामगोपाल, 3 साल से फरार चल रहे थे. ईओडब्ल्यू एसीबी ने नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया, 8 जुलाई को रामगोपाल से ईओ डब्ल्यू और एसीबी की टीम ने पूछताछ की, बाद उन्हें 9 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था. इसके पहले कई घंटे तक ईओडब्ल्यू /ए सीबी ने कांग्रेस कोषाध्यक्ष राम गोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से भी कई घंटे तक पूछताछ की थी।
और अब बस.....
0 बिलासपुर छ्ग में हिरासत में मौत पर सुप्रीम कोर्ट ने छ्ग पुलिस को लगाई कड़ी फटकार,सीबीआई जांच और 25 लाख मुआवजे के आदेश...
0 दुर्ग के चर्चित गुटखा कारोबारी गुरमुख जुमनानी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जीएसटी विभाग ने उसके खिलाफ 317 करोड़ ₹ के टैक्स और पेनल्टी का आदेश जारी किया है।निर्धारित राशि 90 दिन के भीतर जमा करनी होगी। रकम जमा नहीं करने पर विभाग चिन्हित संपत्तियों की कुर्की कर बकाया राशि की वसूली कर सकता है।
विज्ञापन