वरिष्ठ पत्रकार शंकर पांडे की कलम से..*(कॉलम 21 सालों से लगातार) : गुल से लिपटी तितली को गिरा कर देखो.... आँधियोँ तुमने दरख्तों को गिराया होगा....
Praveen Nishee Fri, Nov 27, 2026
छत्तीसगढ़ की पहचान सिर्फ घने जंगल, वन्य जीव और आदिवासी संस्कृति से नहीं होगी। जंगलों के बीच रंग- बिरंगे पंखों के साथ उड़ती तितलियां भी प्रदेश की जैव विविधता की नई पहचान बन रही हैं। 201 प्रजातियों की तितलियों का दस्तावेजी करण हो चुका है। इनमें 19 प्रजातियां ऐसी हैं, जो प्रदेश में पहली बार दर्ज की गई।2019 से 2024 तक सभी 33 जिलों में हुए सर्वे के बाद सामने आई इस तस्वीर ने छग के जंगलों में छिपी तितलियों की दुनिया को सामने ला दिया है।अब राज्य पहली राजकीय तितली चुनने की तैयारी में है। वन, जलवायु परिवर्तन विभाग ने 3 प्रजातियों को अंतिम सूची में रखा है। इनमें कॉमन बैंडेड पीकॉक, ऑरेंज ओकलीफ और स्पॉट स्वॉर्डटेल शामिल हैं।चयन में इनकी उपलब्धता, पारिस्थितिक महत्व, संरक्षण मूल्य, विशिष्ट पहचान और लोगों के आकर्षण को आधार बनाया जाएगा।बस्तर की बात करें तो यहां की तस्वीर और भी दिलचस्प है।कांगेरघाटी राष्ट्रीय उद्यान में 252 सेअधिक तितली प्रजातियों की मौजूदगी दर्ज की गई है।जंगल,जल स्रोत, घासभूमि और अलग-अलग तरह की वनस्पतियां, तितलियों को अनुकूल वातावरण देती हैं। कांगेर घाटी के कुछक क्षेत्रों में एक ही स्थान पर100 सेअधिक प्रजातियां देखी जा सकती हैं।कॉमन जेम, ऑरेंज ओकलीफ, ब्लू टाइगर, प्लेन टाइगर, कॉमन मैप जैसी तित लियां आकर्षण का केंद्र हैं।अक्टूबर से फरवरी के बीच इनकी गतिविधियां खास तौर पर देखने मिलती हैं।
महज 249 ₹,72 पैसे में सीएम पद की कुर्सी गंवाने वाले राजनेता.....
राजनीति की किताब का यह दिलचस्प किस्सा कोई 5/6 दशक पुराना है।छ्ग विधानसभा में पिछली बार के चुनावों में प्रत्याशियों द्वारा चुना खर्च की सीमा 40 लाख चुनाव आयोग ने तय की है।एक समय वह भी था जब चुनाव में महज250 ₹ से ज्यादा खर्च होना साबित हो गया तो कांग्रेस के कद्दावर नेता डीपी मिश्र को सीएम पद गंवाना पड़ा था।इंदिरा गांधी के सलाहकार और मप्र के सीएम रहे द्वारका प्रसाद मिश्र की गिनती कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में होती थी ।डीपी मिश्र यानी द्वारका प्रसाद मिश्र मध्यप्रदेश की राजनीति का बड़ा नाम थे। वह मध्यप्रदेश के सीएम रहे लेकिन उन्हें एक ऐसे राजनेता के रूप में भी याद किया जाता है, जिन्होंने महज 249 ₹, 72 पैसे की वजह से सीएम पद गंवा दिया था।दरअसल 25 मार्च 1969 को मध्यप्रदेश के तब के सीएम नरेशचंद्र सिंह ने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद राजनीति के गलियारों में ये खबर फैल गई थी कि द्वारका प्रसाद मिश्र फिर से प्रदेश के सीएम बनने वाले हैं। क्योंकि कांग्रेस का पूरा कंट्रोल उस समय द्वारका प्रसाद मिश्र के हाथ में ही था।नरेशचंद्र सिंह मप्र के पहले, इकलौते आदिवासी सीएम थे,लेकिन वह सीएम पद पर केवल 13 दिनों तक ही रहे। 12 मार्च 1969 को तब सीएम गोविंद नारायण सिंह ने इस्तीफा दे दिया था, इसके बाद 13 मार्च को नरेशचंद्र सिंह सीएम बने थे लेकिन 13 दिन बाद 25 मार्च को उन्हें पदछोड़ना पड़ा।इसी दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिससे मप्र की राजनीति का पूरा समीकरण ही बदल गया।कसडोल (छत्तीसगढ़) विस उपचुनाव में पराजित कमल नारायण शर्मा की याचिका पर फैसला आया और सिद्ध हो गया कि डीपी मिश्रा कसडोल के उपचुनाव में अनियमितताएं बरती गईं, नतीजा ये हुआ कि चुनाव को अवैध घोषित कर दिया गया।कसडोल के उपचुनाव में डीपी मिश्र के चुनाव एजेंट पं.श्यामचरण शुक्ल थे, लेकिन जब डी पी मिश्र चुनाव जीत गए, उनकी टीम से चुनाव पर किये जाने वाले खर्चों के बिल कहीं खो गये। बाद में कमलनारायण शर्मा ने जीत के खिलाफ याचिका दायर की।असल में शर्मा को कहीं से 6300 रुपए का एक बिल मिल गया, जिस पर डीपी मिश्र के चुनाव एजेंट पं.श्याम चरण शुक्ल के हस्ताक्षर थे।यहीं से चुनाव का पूरा गणित ही बदल गया।कहा ये भी जाता है एक बड़े कॉंग्रेसी ने डीपी मिश्र को धोखा दिया था अहम दस्तावेज कमल नारायण शर्मा को उप लब्ध करवाए थे।इसके बाद मई 1963 में कसडोल उपचुनाव निरस्त कर दिया गया, क्योंकि ये पाया गया कि डीपी मिश्र ने चुनाव में निर्धारित रकम से 249 ₹ 72 पैसे ज्यादा खर्च किए थे। जबलपुर हाईकोर्ट ने इस मामले के सामने आने के बाद डीपी मिश्र को 6 साल के लिए चुनाव लड़ने अयोग्य घोषित कर दिया। कोर्ट के इस फैसले ने डीपी मिश्र के राजनीतिक जीवन को ही बदलकर रख दिया।हालांकि बाद में मिश्र, इंदिरा गांधी के सलाहकार रहे और बाद में राजीव गांधी के समय भी सक्रिय दिखे।आरोपों से बचने, डीपी मिश्र के बारे में एक बात और बहुत चर्चा में रही है कि वह जब मप्र के सीएम बने तो उनके बड़े बेटे ने भोपाल में अपनी चलती हुई दवाई की दुकान को बंद कर दिया।दुकान का नाम जानकी फार्मेसी था,भोपाल में हमीदिया अस्पताल के पास थी। इसके पीछे की वजह ये सुनने में आई,कोई मिश्र पर ये आरोप ना लगा सके,जानकी फार्मेसी में हमीदिया अस्पताल की जरूरतें पूरी की जा रही हैं।पिता के लिए बेटे की कुर्बानी उस वक्त काफी चर्चा का विषय बनी थी क्योंकि दुकान काफी चलती थी और डीपी मिश्र के बेटे ने पिता की प्रतिष्ठा के लिए दुकान को बंद कर दिया था।
13 दिन में दो सीएम
ने दिया था इस्तीफा
12 मार्च 1969 को मध्यप्रदेश के तब सीएम गोविंद नारायण सिंह ने इस्तीफा दे दिया, इसके बाद 13 मार्च को छ्ग के सारंगढ के राजा नरेश चंद्र सिंह बने। लेकिन उन्हें भी 13 दिन बाद यानी 25 मार्च को पद छोड़ना पड़ा।नरेशचंद्र सिंह मप्र के पहले और इकलौते आदिवासी सीएम थे।वे केवल 13 दिन सीएम रहे और 14 वें दिन उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया और फिर एक तरीके से राजनीति से संन्यास ही ले लिया....छ्ग बनने के बाद अजीत जोगी के जाति विवाद के बाद विष्णुदेव साय पहले आदिवासी सीएम बने हैं।
नवजात बच्चों को
बेचने वाला गिरोह....
रायपुर से देश के 8 राज्यों में 26 नवजात बच्चों को बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। गुढ़ियारी के दिवाकर अस्पताल को लीज पर लेकर अवैध कारोबार चलाया जा रहा था।यहां सिर्फ 3 डिली वरी हुईं,लेकिन 26बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाण- पत्र तैयार किए गए। गिरोह लड़कों को 12 लाख, लड़कियों को 5 लाख ₹ में बेचता था। आजाद चौक पुलिस ने अस्पताल संचालक को गिरफ्तार कर एसआईटी जांच शुरू कर दी है, सिंडिकेट ने गुढ़ियारी के बसंत विहार स्थित दिवा कर अस्पताल को लीज पर लिया था।अस्पताल में 3 बच्चों की ही डिली वरी कराई गई थी।इसके बावजूद 26 बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाण- पत्र जारी किए गए। इन्हीं नकली दस्तावेजों के सहारे नवजातों को दूसरे राज्यों में बेचा जाता था। पुलिस ने अस्पताल के संचालक डॉ. खिरसिंधु महानंद को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि बच्चे खरीदने वाले दंपती उनकी जाति और धर्म तक पूछते थे। गिरोह के बिचौलिए नि-संतान दंपतियों की जानकारी जुटा कर संपर्क करते थे।सौदे में लड़कियों की कीमत 5 लाख ₹ तय थी। वहीं लड़कों को10 से 12 लाख ₹ तक में बेचा जाता था।कई महिलाओं ने आर्थिक तंगी के चलते खुद ही अपने बच्चे गिरोह को सौंपे थे।पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश आजाद चौक इलाके में हुआ। वहां सड़क पर दो महिलाओं के बीच पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद पुलिस ने जांच की तो पूरे सिंडिकेट की परतें खुलती चली गईं। आरोपियों के मोबाइल से नवजात बच्चों के वीडियो बरामद हुए हैं। रैकेट में डॉक्टर, दलाल केयरटेकर, अकाउंटेंट और नगर निगम कर्मियों की मिलीभगत सामने आ रही है!
और अब बस...
0छत्तीसगढ़ के चर्चित डी ऍम एफ घोटाले में पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। ईडी के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।
014 दिसंबर से चलेगा छ्ग का विधानसभा का शीतकालीन सत्र,धान खरीदी और शिक्षकों की कमी पर सरकार को घेरेगा विपक्ष...।
0राजिम में 33 करोड़ ₹ के बने लक्ष्मण झूले की हालत खराब होने लगी है। पुल के लोहे में जंग लग रही है, चार साल में ही रंग-रोगन उखड़ने लगा है।
-------------------
28 नवम्बर 2026
*{शंकर पांडे (वरिष्ठ पत्रकार) ऍमए, बीएस. सी,एलएल.बी,बीजे (पत्रकारिता) हैं। अवि भाजित मप्र से छत्तीस गढ़ में पिछले 46 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैँ, पत्र कारिता के साथ ही "छत्तीसगढ़" पर 6 पुस्तकें भी लिख चुके हैं, प्रिंट सहित इलेक्ट्रानिक मिडिया में कार्य किया है।इनकीरूचि राजनीति, इतिहास,क्राइम,संस्कृति लेखन है।
*{आइना-ए- छत्तीसगढ़ कॉलम 21 सालों से लगातार }
विज्ञापन