Advertisment

15th August 2026

BREAKING NEWS

स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत गरिमामय, उत्साहपूर्ण एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में मनाया गया

18.75 करोड़ की लागत से बनेगा एमसीबी का नया एकीकृत जिला कार्यालय भवन, 22 माह में होगा निर्माण

शान से लहराया तिरंगा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ली परेड की सलामी

ध्वजारोहण, देशभक्ति गीतों से गूंजा परिसर; प्रेस पार्क में हुआ वृक्षारोपण

पूर्व कोरिया रियासत में स्वतंत्रता आंदोलन (पूर्व कोरिया रियासत जिसमें वर्तमान एमसीबी व कोरिया जिले का ऐतिहासिक विवरण)

स्वतंत्रता दिवस पर स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने किया भूमिपूजन : 18.75 करोड़ की लागत से बनेगा एमसीबी का नया एकीकृत जिला कार्यालय भवन, 22 माह में होगा निर्माण

Praveen Nishee Sat, Aug 15, 2026

मनेंद्रगढ़।एमसीबी। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के प्रशासनिक विकास की दिशा में स्वतंत्रता दिवस पर महत्वपूर्ण सौगात मिली। जिला मुख्यालय में 18 करोड़ 75 लाख 58 हजार रुपये की लागत से बनने वाले नए एकीकृत जिला कार्यालय भवन का स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विधिवत भूमिपूजन किया। बहुमंजिला भवन का निर्माण 22 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भवन के पूर्ण होने पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, खनिज, परिवहन सहित विभिन्न जिला स्तरीय कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे, जिससे नागरिकों को शासकीय सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, पूर्व विधायक श्रीमती चंपा देवी पावले, जिला पंचायत सदस्य उजित नारायण सिंह सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस और जिले के स्थापना दिवस का संयोग

स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि 15 अगस्त देश की स्वतंत्रता और लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। यह दिन एमसीबी जिले के लिए भी विशेष है, क्योंकि चार वर्ष पूर्व 15 अगस्त को ही यह क्षेत्र नवीन जिले के रूप में अस्तित्व में आया था। उन्होंने कहा कि नवीन जिला गठन के समय सीमित संसाधनों के बावजूद विकास की आधारशिला रखी गई और अब प्रशासनिक अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि नए भवन के साथ जिला पंचायत के लिए भी लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि एकीकृत कार्यालय भवन से प्रशासनिक समन्वय और कार्यों में गति आएगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री, कलेक्टर, एसपी ने लिया निर्माण स्थल का जायजा

भूमिपूजन के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल, कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, एसपी श्रीमती रत्ना सिंह ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रस्तावित ले-आउट एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। एसपी ने निर्माण स्थल एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिले में विकास कार्यों को मिल रही गति

स्वास्थ्य मंत्री ने जिले में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि लगभग 40 करोड़ रुपये के अस्पताल निर्माण, 42 करोड़ रुपये के सड़क निर्माण तथा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी रेलवे लाइन के लिए लगभग 659 करोड़ रुपये के टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने अमृत मिशन, पॉलिटेक्निक कॉलेज, कृषि महाविद्यालय, नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथैरेपी कॉलेज, योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल सहित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में लगभग 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे हुए हैं, जबकि वर्तमान में भी लगभग इतने ही राशि के कार्य विभिन्न स्तरों पर संचालित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं संपर्क सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

विकास में सकारात्मक सहयोग की अपील

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिले के विकास कार्यों को राजनीतिक दृष्टिकोण से देखने के बजाय सभी को सकारात्मक सोच के साथ सहयोग करना चाहिए। उन्होंने जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर जिले के विकास के लिए सामूहिक प्रयास की अपील की।

उन्होंने प्रस्तावित गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई संभावनाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि नया एकीकृत जिला कार्यालय भवन केवल प्रशासनिक भवन नहीं, बल्कि बेहतर सुशासन और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार बनेगा।

विज्ञापन

जरूरी खबरें